प्रशासन ने 17 जुलाई को होने वाले राहुल गांधी के कार्यक्रम की जगह बदलने को कहा: कांग्रेस

प्रशासन ने 17 जुलाई को होने वाले राहुल गांधी के कार्यक्रम की जगह बदलने को कहा: कांग्रेस

प्रशासन ने 17 जुलाई को होने वाले राहुल गांधी के कार्यक्रम की जगह बदलने को कहा: कांग्रेस
Modified Date: July 14, 2026 / 03:56 pm IST
Published Date: July 14, 2026 3:56 pm IST

देहरादून, 14 जुलाई (भाषा) कांग्रेस की उत्तराखंड इकाई के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने मंगलवार को कहा कि देहरादून प्रशासन ने पार्टी से राहुल गांधी के 17 जुलाई को देहरादून के परेड ग्राउंड में प्रस्तावित कार्यक्रम का स्थल बदलने के लिए कहा है।

गोदियाल ने कहा कि राहुल गांधी के देहरादून में होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए तय किए गए स्थल के संबंध में निर्धारित शुल्क जमा कर विधिवत अनुमति पूर्व में प्राप्त कर ली गयी थी, जिसकी रसीद भी उपलब्ध है।

उन्होंने कहा कि लेकिन अब प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल बदलने को कहा है हालांकि इस संबंध में कोई लिखित आदेश नहीं दिया गया है।

गोदियाल ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार राहुल गांधी की लोकप्रियता से डर गई है और उनके कार्यक्रम में व्यवधान डालने की हर संभव कोशिश कर रही है।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने जोर देकर कहा, “हमारा स्पष्ट कहना है कि जिस स्थान के लिए अनुमति मिली है, कार्यक्रम वहीं आयोजित होगा। 15, 16 और 17 जुलाई की स्वीकृति पहले से प्राप्त है और जब तक कोई लिखित निर्देश नहीं मिलता, कार्यक्रम पूर्व निर्धारित स्थल पर ही होगा।”

प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह के अनुसार, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में राहुल गांधी विद्यार्थियों से संवाद करेंगे और युवा एवं छात्र हितों की लड़ाई लड़ने का आहवान करेंगे।

भाषा दीप्ति जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में