वियतनाम में लापता भारतीय पर्यटकों के परिवारों की पूरी मदद करे विदेश मंत्रालय: कांग्रेस
वियतनाम में लापता भारतीय पर्यटकों के परिवारों की पूरी मदद करे विदेश मंत्रालय: कांग्रेस
नयी दिल्ली, 11 जुलाई (भाषा) कांग्रेस ने शनिवार को विदेश मंत्रालय से आग्रह किया कि वियतनाम के फू क्वोक द्वीप के निकट नाव पलटने की घटना में लापता भारतीय पर्यटकों के परिजन को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
पार्टी के मीडिया एवं प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि वियतनाम में भारतीय दूतावास ने उस नाव पर सवार 32 भारतीय पर्यटकों के नाम जारी किए हैं, जो कुछ घंटे पहले फु क्वोक द्वीप के निकट पलट गई थी।
उन्होंने कहा कि घटना से जुड़ी और जानकारी का इंतजार है तथा जिन भारतीय पर्यटकों का अब तक पता नहीं चल सका है, उनके परिजनों को विदेश मंत्रालय हरसंभव सहायता उपलब्ध कराए।
खेड़ा ने कहा, ‘ हम लापता भारतीय पर्यटकों के परिजनों के साथ खड़े हैं तथा पर्यटकों को सुरक्षित होने की कामना करते हैं।’
वियतनाम में फू क्वोक द्वीप के पास शनिवार को एक नाव के पलट जाने से भारतीय पर्यटकों समेत 15 लोगों की मौत हो जाने की आशंका है। स्थानीय मीडिया ने यह खबर दी है।
वियतनामी न्यूज पोर्टल ‘वीएन एक्सप्रेस इंटरनेशनल’ के अनुसार, एक ‘स्पीडबोट’ 32 भारतीय पर्यटकों और चालक दल के चार सदस्यों को लेकर ‘होन मे रुट’ से ‘एन थोई पोर्ट’ जा रही थी, तभी ‘होन मे रुट न्गोई’ से लगभग 400 मीटर दूर वह पलट गई, जिससे उसमें सवार सभी लोग समुद्र में गिर गए।
भाषा हक राखी माधव
माधव

Facebook


