किसी भी तरह के ‘सौदे’ या आपराधिक गतिविधियों में शामिल पुलिसकर्मियों पर होगी सख्त कार्रवाई : शिवकुमार
किसी भी तरह के ‘सौदे’ या आपराधिक गतिविधियों में शामिल पुलिसकर्मियों पर होगी सख्त कार्रवाई : शिवकुमार
(फोटो के साथ)
बेंगलुरु, 11 जुलाई (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने पुलिस अधिकारियों को किसी भी तरह के ‘सौदे’ या आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के खिलाफ आगाह करते हुए शनिवार को कहा कि ऐसा करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विधान सौध में जिला पुलिस इकाइयों के लिए 32 अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन और 75 बोलेरो वाहनों को हरी झंडी दिखाने के बाद शिवकुमार ने यह बात कही।
उन्होंने कहा, ‘‘पुलिस अधिकारियों को किसी भी तरह के सौदे या आपराधिक गतिविधियों में शामिल नहीं होना चाहिए। जो भी इसमें शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसे आप मेरी अपील या आधिकारिक निर्देश, जो भी चाहें, मान सकते हैं।’’
मुख्यमंत्री ने मादक पदार्थों के तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करने वाली पुलिस टीम के लिए 10 लाख रुपये के पुरस्कार की भी घोषणा की।
शिवकुमार ने कहा, ‘‘सीमाओं पर सैनिक और राज्य में पुलिसकर्मी तैनात हैं। इन्हीं दोनों की वजह से हमारे राज्य और देश में शांति कायम रह सकती है। सरकार की ओर से मैं आप सभी को बधाई देता हूं। सफलता तब मिलती है, जब आपका संकल्प आपकी क्षमता से भी अधिक मजबूत होता है।’’
उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष के दौरान पुलिस ने 375 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए हैं और 1,500 तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो एक बड़ी उपलब्धि है।
मुख्यमंत्री ने पुलिसकर्मियों से कहा, ‘‘पूरा देश कर्नाटक की ओर देख रहा है। सरकार ने मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त करने वाली टीम को 10 लाख रुपये का नकद पुरस्कार देने का फैसला किया है। मैं सभी अधिकारियों को बधाई देता हूं। हर व्यक्ति के मन में पुलिस विभाग के प्रति विश्वास और सम्मान होना चाहिए। आपकी सफलता ही सरकार की सफलता है।’’
उन्होंने हाल ही में केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला के साथ सीमा पार मादक पदार्थों की तस्करी पर हुई बैठक का उल्लेख करते हुए कहा कि चेन्निथला ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि कर्नाटक में मादक पदार्थों की तस्करी या केरल के रास्ते उन्हें भेजने पर रोक लगाने के लिए हर आवश्यक कदम उठाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हमारा पुलिस विभाग देश के सबसे सक्षम पुलिस बलों में से एक माना जाता है। यह प्रतिष्ठा हमारे पुलिसकर्मियों की कड़ी मेहनत, समर्पण और दक्षता के कारण हासिल हुई है। सरकार दिन-रात आपकी सेवा के दौरान हमेशा आपके साथ खड़ी रहेगी। कभी-कभी दुर्भाग्यपूर्ण घटनाएं होती हैं, लेकिन ऐसी परिस्थितियों में भी सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि आपका मनोबल बना रहे। आप कानून का पालन कराते हैं और समाज की रक्षा करते हैं।’’
उन्होंने कहा कि अपराध के स्वरूप में तेजी से बदलाव आया है और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के आने के साथ अपराधों का पता लगाने के लिए कई नयी व्यवस्थाएं लागू की गई हैं।
शिवकुमार ने कहा, ‘‘मैंने सभी पुलिस थानों में असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष दल गठित करने के भी निर्देश दिए हैं।’’
अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के आरोपों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एहतियाती कदम के तौर पर उन्होंने निर्देश दिया है कि कर्नाटक के मुजराई (हिंदू धार्मिक संस्थान एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती) विभाग के अधीन आने वाले सभी मंदिरों में दानपात्र खोलने, धनराशि की गिनती करने और उसे बैंक में जमा करने तक की पूरी प्रक्रिया स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में वीडियो रिकॉर्ड की जाए।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में जल्द ही औपचारिक आदेश जारी किए जाएंगे।
शिवकुमार ने कहा, ‘‘धर्म कोई भी हो, यदि कोई धार्मिक स्थल सरकार के अधिकार क्षेत्र में आता है तो उसकी सुरक्षा करना हमारी जिम्मेदारी है। अपराध होने के बाद उसकी जांच करने से अधिक महत्वपूर्ण उसे रोकना है। मेरा मानना है कि इस फैसले से निजी मंदिरों और अन्य धार्मिक संस्थानों को भी ऐसे एहतियाती उपाय अपनाने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।’’
शिवकुमार ने पुलिस भर्ती प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर बल देते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति को रिश्वत देकर सरकारी नौकरी नहीं मिलनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि नियुक्तियों का आधार केवल योग्यता होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने पुलिसकर्मियों से कहा, ‘‘सरकार हमेशा आपके साथ खड़ी रहेगी। बदले में आप भी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।’’
भाषा रवि कांत रवि कांत जोहेब
जोहेब

Facebook


