बेमौसम बारिश से प्रभावित दिल्ली के किसानों को 50 हजार रु प्रति एकड़ मुआवाज़ा दे सरकार : कांग्रेस
बेमौसम बारिश से प्रभावित दिल्ली के किसानों को 50 हजार रु प्रति एकड़ मुआवाज़ा दे सरकार : कांग्रेस
नयी दिल्ली, सात मई (भाषा) दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने रेखा गुप्ता सरकार से बेमौसम बारिश से प्रभावित राष्ट्रीय राजधानी के किसानों को 50 हजार रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से मुआवाज़ा देने की मांग की है। एक बयान में इसकी जानकारी दी गयी है।
बयान में कहा गया है कि पार्टी के वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. नरेश कुमार ने मुख्यमंत्री को भेजे एक ज्ञापन में दिल्ली को कृषि राज्य का दर्जा देने की भी मांग की है। ज्ञापन की एक प्रति उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू को भी भेजी गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि गुप्ता सरकार किसानों और ग्रामीणों के मुद्दों पर पूरी तरह विफल साबित हुई है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि दिल्ली के लगभग 197 गांवों में करीब 52 हजार हेक्टेयर भूमि पर खेती की जाती है, लेकिन यहां के किसानों की हालत देश के अन्य राज्यों के किसानों से भी बदतर हो चुकी है।
कुमार ने आरोप लगाया कि किसानों को खाद, बीज और कीटनाशक तक उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं, जिसके कारण उन्हें हरियाणा और उत्तर प्रदेश से महंगे दामों पर ये चीज़ें खरीदनी पड़ रही हैं।
उन्होंने मांग की कि किसानों को खाद, बीज और कीटनाशकों पर सब्सिडी दी जाए, कृषि शिक्षा के लिए बंद की गई प्रायोजित योजना को फिर से शुरू किया जाए तथा बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों को प्रति एकड़ 50 हजार रुपये मुआवजा दिया जाए।
कुमार ने चेतावनी दी, “यदि दिल्ली सरकार ने किसानों की मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस गांव-गांव जाकर सरकार के खिलाफ बड़ा जनजागरण अभियान चलाएगी और किसानों के साथ हो रहे अन्याय को जनता के बीच उजागर करेगी।”
भाषा नोमान नोमान रंजन
रंजन

Facebook


