कांग्रेस ने पूर्वोत्तर के लोगों के साथ विश्वासघात किया: नवीन

कांग्रेस ने पूर्वोत्तर के लोगों के साथ विश्वासघात किया: नवीन

कांग्रेस ने पूर्वोत्तर के लोगों के साथ विश्वासघात किया: नवीन
Modified Date: April 4, 2026 / 09:12 pm IST
Published Date: April 4, 2026 9:12 pm IST

राम कृष्ण नगर/लखीपुर (असम), चार अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को कांग्रेस पर पूर्वोत्तर के लोगों के साथ विश्वासघात करने और उनकी भावनाओं से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।

नवीन ने साथ ही दावा किया कि उनकी पार्टी की सरकारों ने ही इस क्षेत्र और देश के बाकी हिस्सों ‘‘के बीच की खाई को पाटा है’’।

उन्होंने आरोप लगाया कि असम में कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों ने वोट बैंक की राजनीति के लिए बराक घाटी को ‘‘अपराध का केंद्र’’ बना दिया था।

नवीन ने कहा कि लोगों ने राज्य में सत्ता से बेदखल करके ‘‘घुसपैठियों के तुष्टीकरण की राजनीति’’ के लिए कांग्रेस को दंडित किया।

लखीपुर से भाजपा उम्मीदवार के लिए प्रचार करते हुए नवीन ने कहा, ‘‘जब विपक्ष हमसे पूछता है कि हमने पिछले एक दशक में क्या किया है, तो मैं उनसे उनकी नीति और इरादे के बारे में पूछना चाहता हूं। उन्होंने 70 वर्षों तक पूर्वोत्तर के लोगों के साथ विश्वासघात किया और उनकी भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया।’’

उन्होंने दावा किया कि जब इस क्षेत्र के लोग पहले दिल्ली आते थे, तो वे कहते थे कि वे भारत जा रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन अब, पूर्वोत्तर के हर कोने में पूरा भारत नजर आ रहा है। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकास के हर कोने तक पहुंचने के कारण ही संभव हो पाया है।’’

नवीन ने कहा कि मोदी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि जन धन योजना के तहत हाशिए पर रहे वर्गों के लिए बैंक खाते खोलना रही है, जिससे यह सुनिश्चित हुआ है कि सभी योजनाओं का लाभ सीधे लक्षित लाभार्थियों तक पहुंचे।

उन्होंने दावा किया कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा, ‘‘हम सत्ता के लिए चुनाव नहीं लड़ते, बल्कि लोगों के जीवन में बदलाव लाने के लिए चुनाव लड़ते हैं। पिछले दो विधानसभा चुनावों में जनता ने हमें आशीर्वाद दिया है और इस बार भी वे ऐसा ही करेंगे।’’

नवीन ने दावा किया कि कांग्रेस सरकारों द्वारा बराक घाटी के साथ भेदभाव किया गया था। उन्होंने कहा, ‘‘अब सड़कें अच्छी हैं… कभी हिंसा और अशांति के लिए जाना जाने वाला यह राज्य अब विकास के लिए जाना जाता है।’’

श्रीभूमि जिले में रामकृष्ण नगर से पार्टी उम्मीदवार के समर्थन में एक अन्य चुनावी रैली को संबोधित करते हुए नवीन ने कहा, ‘‘पिछली सरकारों ने वोट बैंक की राजनीति के लिए बराक घाटी को अपराध का केंद्र बना दिया था। तुष्टीकरण की राजनीति अपने चरम पर थी क्योंकि कांग्रेस सरकारें स्थानीय लोगों के बजाय घुसपैठियों को लेकर ज्यादा चिंता दिखाती थीं।’’

उन्होंने कहा कि लोगों ने कांग्रेस को ‘‘दंडित’’ करने का फैसला किया और उसे सत्ता से बाहर कर दिया और विकास के एक स्पष्ट दृष्टिकोण के साथ भाजपा के नेतृत्व वाली राजग सरकार को सत्ता में बैठाया।

उन्होंने विश्वास जताया कि नौ अप्रैल को होने वाले चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) असम में भारी बहुमत के साथ सत्ता बरकरार रखेगा।

नवीन ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार ने ‘विरासत-विकास’ को एक साथ आगे बढ़ाने पर पूरा ध्यान दिया है और राज्य के दक्षिणी हिस्से में अपराध पर अंकुश लगाया है।

उन्होंने कहा, ‘‘अब कोई भी अपराधी जनता को परेशान करने की हिम्मत नहीं करता, क्योंकि वे जानते हैं कि मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा किसी को भी नहीं बख्शेंगे।’’

नवीन ने पिछले 10 वर्षों में सरकार द्वारा शुरू की गई विभिन्न विकास योजनाओं का उल्लेख किया।

भाषा देवेंद्र रंजन

रंजन


लेखक के बारे में