कांग्रेस ने जानबूझकर नटराजन के नामांकन में गड़बड़ी की : भाजपा

कांग्रेस ने जानबूझकर नटराजन के नामांकन में गड़बड़ी की : भाजपा

कांग्रेस ने जानबूझकर नटराजन के नामांकन में गड़बड़ी की : भाजपा
Modified Date: June 11, 2026 / 09:52 pm IST
Published Date: June 11, 2026 9:52 pm IST

नयी दिल्ली, 11 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस पर मध्यप्रदेश से अपनी एकमात्र राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन के नामांकन में जानबूझकर गड़बड़ी करने का आरोप लगाया। सत्तारूढ़ दल ने आरोप लगाया कि नामांकन पत्र में जानकारी छुपाने के बाद विपक्षी दल अब खुद को पीड़ित दिखाने की कोशिश कर रहा है।

भाजपा ने यह भी दावा किया कि निर्वाचन अधिकारी द्वारा नटराजन का नामांकन खारिज किये जाने की वजह कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा के खेमों के बीच आपसी खींचतान है।

सत्तारूढ़ दल के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा, ‘‘कांग्रेस को खुद से पूछना चाहिए कि पार्टी के भीतर भेदिया कौन है।’’

उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने जानबूझकर अपनी उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन से गलत तरीके से नामांकन दाखिल करवाया और पार्टी ने जानबूझकर जानकारी छुपाई तथा अब वह खुद को पीड़ित दिखाने की कोशिश कर रही है।

भंडारी ने यह भी कहा कि कांग्रेस को यह बताना चाहिए कि तेलंगाना, जहां उसकी सरकार है, वहां से इस मामले से जुड़ी जानकारी कैसे ‘‘लीक’’ हुई।

नटराजन का नामांकन खारिज किये जाने संबंधी निर्वाचन अधिकारी के फैसले का बचाव करते हुए, भंडारी ने 2013 के उच्चतम न्यायालय के एक निर्णय का हवाला दिया और कहा कि अगर जरूरी जानकारी जानबूझकर छिपाई जाती है, तो नामांकन खारिज किया जा सकता है।

कांग्रेस ने 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए मध्यप्रदेश से नटराजन को अपना उम्मीदवार बनाया था।

हालांकि, निर्वाचन अधिकारी संजय शर्मा ने मंगलवार को उनका नामांकन खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि नामांकन पत्र के साथ जमा किए गए ‘फॉर्म 26’ में उन्होंने तेलंगाना में अपने खिलाफ अदालत में दायर शिकायत के बारे में जानकारी छिपाई है।

भाषा सुभाष माधव

माधव


लेखक के बारे में