कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन ने परिसीमन विधेयक को ‘निरर्थक’ किया: केंद्रीय मंत्री संजय कुमार
कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन ने परिसीमन विधेयक को ‘निरर्थक’ किया: केंद्रीय मंत्री संजय कुमार
हैदराबाद, 18 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय मंत्री बंडी संजय कुमार ने शनिवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन ने परिसीमन विधेयक को ‘‘निरर्थक’’ बनाकर दक्षिणी राज्यों के साथ ‘‘ऐतिहासिक विश्वासघात’’ किया है।
उन्होंने कहा कि इस विधेयक का उद्देश्य जनगणना के बाद अनुच्छेद 81 के तहत सीट अनुपात पर लगी रोक हटने के बाद दक्षिणी राज्यों की रक्षा करना था।
कुमार ने कहा कि कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन ने बाहर ‘दक्षिण गौरव’ के नारे लगाए लेकिन संसद के अंदर उन्होंने विधेयक को ही ‘‘निरर्थक’’ कर दिया।
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “खतरे को समझें। एक बार रोक हटने के बाद सीट का पुनर्वितरण जनसंख्या के आधार पर हो सकता है। जनसंख्या को नियंत्रित करने वाले, शिक्षा में निवेश करने वाले और विकास करने वाले राज्य राजनीतिक रूप से पीछे धकेले जा सकते हैं। इसका मतलब है कि तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल और अन्य अच्छा प्रदर्शन करने वाले राज्यों को दिल्ली में अपनी साख खोने का खतरा है।”
कुमार ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को संसद में अपने भाषण के दौरान लोकसभा सीट की संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि के लिए परिसीमन विधेयक में संशोधन का प्रस्ताव भी रखा लेकिन विपक्ष चुप रहा।
उन्होंने कहा कि शाह ने बार-बार आश्वासन दिया कि दक्षिण की सीटों में वृद्धि होगी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, “लेकिन कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने जनता के ऊपर राजनीति को चुना। उन्होंने सिर्फ एक विधेयक को ही नहीं रोका। उन्होंने दक्षिण के लिए सुरक्षा को रोका। उन्होंने महिलाओं के लिए न्याय को रोका। उन्होंने आने वाली पीढ़ियों के लिए उचित प्रतिनिधित्व को रोका। और अब वे दक्षिण की भावनाओं की बात करते हैं। जनता को उनका पाखंड साफ दिखाई देता है।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हर क्षेत्र की रक्षा के लिए खड़े हैं लेकिन विपक्ष सिर्फ सत्ता के लिए खड़ा रहा।
भाषा जितेंद्र नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


