कांग्रेस तुष्टीकरण की नीतियों से विभाजन के बीज बो रही है: फडणवीस

कांग्रेस तुष्टीकरण की नीतियों से विभाजन के बीज बो रही है: फडणवीस

कांग्रेस तुष्टीकरण की नीतियों से विभाजन के बीज बो रही है: फडणवीस
Modified Date: February 7, 2026 / 08:33 pm IST
Published Date: February 7, 2026 8:33 pm IST

हैदराबाद, सात फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को आरोप लगाया कि तेलंगाना में कांग्रेस अपनी ‘‘तुष्टीकरण की नीतियों’’ के जरिये लोगों के बीच विभाजन के बीज बो रही है।

फडणवीस ने यहां से लगभग 300 किलोमीटर दूर सिरपुर कागजनगर में तेलंगाना में 11 फरवरी को होने वाले नगर निकाय चुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी को लगता है कि वह कुछ लोगों को खुश करके राज्य की सत्ता में बने रहेंगे।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘उन्होंने (रेड्डी ने) एक खतरनाक खेल शुरू किया। मैं आपको याद दिलाना चाहूंगा कि कुछ कांग्रेस नेताओं ने स्वतंत्रता से पहले इसी तरह का खेल शुरू किया था। इसका नतीजा यह हुआ कि देश का विभाजन हुआ और पाकिस्तान तथा फिर बांग्लादेश का गठन हुआ।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार भी इसी तरह की ‘‘विभाजनकारी नीतियों’’ का पालन कर रही है और लोगों को धार्मिक आधार पर बांट रही है तथा अनुसूचित जातियों (एससी) और अनुसूचित जनजातियों (एसटी) से आरक्षण छीनकर अन्य धर्मों के लोगों को आरक्षण दे रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘एक तरह से, कांग्रेस विभाजन के बीज बो रही है।’’

उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियां अपने माता-पिता से पूछेंगी कि जब इस तरह की विभाजनकारी बातें हो रही थीं, तब वे क्या कर रहे थे।

फडणवीस ने कहा कि हाल में महाराष्ट्र में हुए नगर निकाय चुनावों में भाजपा की जीत की हवा तेलंगाना तक पहुंचेगी।

उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की 29 महानगरपालिकाओ में से भाजपा और उसके सहयोगियों ने 26 में महापौर पद पर जीत दर्ज की थी। उन्होंने कहा कि मुंबई नगर निगम में पहली बार भाजपा उम्मीदवार महापौर चुने जा रहे हैं।

फडणवीस ने विश्वास व्यक्त किया कि तेलंगाना में शहरी स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा को जबरदस्त फायदा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि 2014 में जब तेलंगाना का गठन हुआ था तब वह राजस्व अधिशेष वाला राज्य था। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) और कांग्रेस सरकारों के तहत भ्रष्टाचार के कारण अब वह कर्ज में डूब गया है।

उन्होंने दावा किया कि इसके विपरीत, भाजपा शासित राज्यों ने तीव्र प्रगति की है।

उन्होंने याद दिलाया कि जब 2015 में तेलंगाना के तत्कालीन मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने उनसे संपर्क किया था, तब उन्होंने गोदावरी नदी के पानी के इस्तेमाल पर एक अंतर-राज्यीय समझौते पर सहमति व्यक्त की थी और कहा था कि इस निर्णय से राज्य में सिंचाई के विस्तार में मदद मिली।

फडणवीस ने आरोप लगाया कि तेलंगाना में बीआरएस और कांग्रेस सरकारों ने महाराष्ट्र में भूमि अधिग्रहण के लिए धनराशि उपलब्ध नहीं कराई, जिसका कार्य उन्होंने पूरा किया। उन्होंने कहा, ‘‘बीआरएस और कांग्रेस के इरादे साफ दिख रहे हैं। ये लोग तो उन लोगों को भी धोखा दे रहे हैं जिन्होंने इन्हें पानी दिया। ये जनता का भला नहीं कर सकते।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि नगरपालिकाओं को 70 वर्षों से उपेक्षित किया गया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ही गांवों के साथ-साथ कस्बों के लिए भी धनराशि सुनिश्चित की है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने ‘स्मार्ट सिटी’ और ‘अमृत भारत’ जैसी योजनाओं के तहत कस्बों और शहरों के विकास के लिए धन सुनिश्चित किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा उपलब्ध कराई गई धनराशि नगरपालिकाओं तक तभी पहुंचेगी जब राज्य और स्थानीय निकाय सरकारें सहयोग करेंगी और उन्होंने लोगों से भाजपा को सत्ता में चुनने का आग्रह किया।

वंदे भारत और अमृत भारत ट्रेनों, रेलवे स्टेशन के पुनर्निर्माण और राजमार्ग विस्तार का जिक्र करते हुए फडणवीस ने कहा कि ऐसा बदलाव केवल भाजपा ही ला सकती है।

भाषा देवेंद्र रंजन

रंजन


लेखक के बारे में