कांग्रेस नेता ने वेणुगोपाल के गृह क्षेत्र में बागी उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने की घोषणा की

Ads

कांग्रेस नेता ने वेणुगोपाल के गृह क्षेत्र में बागी उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने की घोषणा की

  •  
  • Publish Date - March 19, 2026 / 12:36 AM IST,
    Updated On - March 19, 2026 / 12:36 AM IST

अलप्पुझा (केरल), 18 मार्च (भाषा) केरल में कांग्रेस के एक जिला नेता ने बुधवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) महासचिव के.सी. वेणुगोपाल के गृह क्षेत्र अलप्पुझा में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की उम्मीदवारों की सूची को लेकर बगावत कर दी और घोषणा की कि वह महत्वपूर्ण कुट्टनाड निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय के रूप में चुनाव लड़ेंगे।

वेणुगोपाल लोकसभा में अलप्पुझा निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं।

कांग्रेस नौ अप्रैल को होने वाले चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप देने में व्यस्त है, इसके जिला कांग्रेस कमेटी (डीसीसी) उपाध्यक्ष साजी जोसेफ ने बुधवार को इस तटीय जिले में पार्टी से इस्तीफा दे दिया और घोषणा की कि वह कुट्टनाड विधानसभा क्षेत्र से एक निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ेंगे।

स्थानीय कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के कथित रूप से अनुरोध करने के बावजूद नेतृत्व द्वारा कुट्टनाड सीट संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के सहयोगी, केरल कांग्रेस (जोसेफ) गुट को देने के फैसले से जोसेफ और उनके समर्थक नाराज हो गए।

जोसेफ ने यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के भीतर कुट्टनाड सीट को वापस हासिल करने और वहां पार्टी का उम्मीदवार खड़ा करने की लगातार मांग उठती रही है।

खुद को बागी उम्मीदवार घोषित करते हुए जोसेफ ने कहा कि विरोध के प्रतीक के रूप में वह नौ अप्रैल को होने वाले आगामी चुनाव में यूडीएफ के आधिकारिक उम्मीदवार को चुनौती देंगे।

भाषा तान्या सुरभि

सुरभि