नयी दिल्ली, 27 फरवरी (भाषा) कांग्रेस की वरिष्ठ नेता मार्गरेट आल्वा ने शुक्रवार को दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आबकारी नीति मामले में आरोपमुक्त होने पर बधाई दी और कहा कि जांच एजेंसियों ने भाजपा की तरफ से काम करते हुए विपक्षी नेताओं पर जो ‘‘झूठे मामले’’ थोपे हैं, उन्हें अदालतें खारिज कर देंगी।
पूर्व केंद्रीय मंत्री की ओर से केजरीवाल को बधाई तब दी गई, जब कांग्रेस ने अदालत द्वारा केजरीवाल को आरोपमुक्त किए जाने के बाद भाजपा और आम आदमी पार्टी पर कटाक्ष किया। कांग्रेस ने दावा किया कि गुजरात और पंजाब के विधानसभा चुनावों के मद्देनजर आम आदमी पार्टी में भाजपा के ‘‘सुविधाजनक सहयोगियों’’ के खिलाफ कार्यवाही ठंडी पड़ जाएगी।
आल्वा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘आबकारी नीति मामले में आरोपमुक्त होने पर अरविंद केजरीवाल को बधाई।’’
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘भाजपा के बाहुबलियों के रूप में काम करने वाली जांच एजेंसियों ने विपक्षी नेताओं पर झूठे मामले दर्ज किए हैं और ये मामले अदालतों द्वारा खारिज कर दिए जाएंगे।’’
हाल के दिनों में यह दूसरा मौका है, जब आल्वा ने कांग्रेस के रुख के विपरीत बयान दिया है।
उन्होंने पिछले दिलों ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ में युवा कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर भी अलग विचार रखे थे। उन्होंने कहा था कि अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में गरिमा, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना होनी चाहिए।
बाद में उन्होंने सफाई देते हुए कहा था कि उनके विचार व्यक्तिगत हैं और कांग्रेस के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता है।
भाषा हक हक दिलीप
दिलीप