कांग्रेस नेता पवन खेड़ा लगातार दूसरे दिन असम पुलिस की अपराध शाखा के सामने पेश हुए
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा लगातार दूसरे दिन असम पुलिस की अपराध शाखा के सामने पेश हुए
गुवाहाटी, 14 मई (भाषा) कांग्रेस नेता पवन खेड़ा असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की पत्नी रिंकी भुइयां शर्मा द्वारा दर्ज कराए गए मामलों के संबंध में लगातार दूसरे दिन बृहस्पतिवार को भी राज्य पुलिस की अपराध शाखा के समक्ष पेश हुए।
खेड़ा ने आरोप लगाया था कि रिंकी के पास कई पासपोर्ट और विदेशों में अघोषित संपत्तियां हैं। इसके बाद ये मामले दर्ज किए गए थे।
पुलिस ने बुधवार को खेड़ा से 10 घंटे से भी अधिक समय तक पूछताछ की और उन्हें आज दोबारा पेश होने के लिए कहा गया था।
उन्होंने बृहस्पतिवार को पूछताछ के लिए पेश होने से पहले संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं जांच में सहयोग कर रहा हूं और आज भी ऐसा ही करूंगा।’’
खेड़ा ने जांच के बारे में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया और कहा कि वह जांच पूरी होने के बाद ही इसे लेकर बात करेंगे।
उन्होंने बुधवार रात अपराध शाखा कार्यालय से बाहर आने के बाद कहा था कि ‘‘मैं कानून का पालन करने वाला नागरिक हूं। मेरा कर्तव्य है कि मैं सहयोग करूं…।’’
मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को कहा था कि कानून अपना काम करेगा, लेकिन ‘‘हमें केंद्र सरकार से लिखित में यह सूचना मिल चुकी है कि खेड़ा द्वारा प्रदर्शित दस्तावेज फर्जी थे।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि इसलिए पुलिस जांच में ज्यादा समय नहीं लगेगा और वे निर्धारित समय के भीतर आरोप पत्र दाखिल कर सकेंगे।
शर्मा की पत्नी ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के विभिन्न प्रावधानों के तहत गुवाहाटी अपराध शाखा थाने में खेड़ा और अन्य लोगों के खिलाफ आपराधिक शिकायतें दर्ज कराई थीं। कांग्रेस नेता के खिलाफ लगाए गए आरोपों में चुनाव के संबंध में झूठे बयान देना, धोखाधड़ी, जालसाजी, शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना और मानहानि शामिल हैं।
भाषा यासिर वैभव
वैभव

Facebook


