कांग्रेस सांसद ने नीट, जेईई के ‘कोचिंग माफिया’ के खिलाफ संसद परिसर में प्रदर्शन किया
कांग्रेस सांसद ने नीट, जेईई के ‘कोचिंग माफिया’ के खिलाफ संसद परिसर में प्रदर्शन किया
नयी दिल्ली, 11 फरवरी (भाषा) कांग्रेस सांसद प्रशांत पडोले ने मेडिकल और इंजीनियरिंग की प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले संस्थानों की कथित मनमानी के खिलाफ बुधवार को संसद भवन परिसर में प्रदर्शन किया और सरकार से इस ‘कोचिंग माफिया’ पर अंकुश लगाने की मांग की।
महाराष्ट्र के भंडारा गोदिया से लोकसभा सदस्य पडोले ने कहा कि उन्होंने इस संदर्भ में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पत्र भी लिखा है।
उन्होंने संसद भवन के मकर द्वार के निकट सीढ़ियों पर बैठकर नारेबाजी की। पडोले ने अपने हाथ में तख्ती ले रखी थी, जिस पर ‘कॉलेज खाली, कोचिंग मालामाल, माफिया पर कार्रवाई करो’ लिखा था।
पडोले कहा, ‘‘आज नीट और जेईई जैसी राष्ट्रीय परीक्षाओं के नाम पर एक संगठित कोचिंग माफिया खड़ा हो चुका है, जिसने कॉलेजों को खाली और कोचिंग संस्थानों को करोड़ों रूपये का धंधा बना दिया है। ये कोचिंग संस्थान अभिभावकों से लाखों रुपये वसूल रहे हैं। मध्यम वर्ग और गरीब परिवार अपने बच्चों के भविष्य के लिए कर्ज़ में डूब रहे हैं। तनाव, मानसिक दबाव और आत्महत्या जैसी घटनाएं भी सामने आ रही हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘शिक्षा को व्यापार बनने से रोकना सरकार की जिम्मेदारी है। इस पर कार्रवाई होनी चाहिए।’’
भाषा हक हक सुभाष
सुभाष

Facebook


