सरकार गठन के लिए विजय को समर्थन देने की तैयारी में कांग्रेस

सरकार गठन के लिए विजय को समर्थन देने की तैयारी में कांग्रेस

सरकार गठन के लिए विजय को समर्थन देने की तैयारी में कांग्रेस
Modified Date: May 6, 2026 / 12:51 am IST
Published Date: May 6, 2026 12:51 am IST

नयी दिल्ली, पांच मई (भाषा) कांग्रेस तमिलनाडु में सरकार गठन के लिए तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) नेता विजय को समर्थन देने की तैयारी में है और इसकी जल्द ही घोषणा की जा सकती है। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी।

सूत्रों ने बताया कि तमिलनाडु प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख नेताओं की मंगलवार रात हुई एक ऑनलाइन बैठक में इस पर सहमति जताई गई कि विजय को ‘धर्मनिरपेक्ष सरकार’ के गठन के लिए समर्थन देना चाहिए।

सूत्रों का कहना है कि इस बारे में अंतिम फैसला बुधवार को किया जा सकता है।

सूत्रों के अनुसार अभी इस बात को लेकर मंत्रणा जारी है कि विजय के साथ जाने की स्थिति में सरकार का बाहर से समर्थन करना है या फिर सरकार का हिस्सा बनना है।

विजय ने कांग्रेस नेतृत्व को पत्र भेजकर समर्थन का आग्रह किया था।

इसको लेकर पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और तमिलनाडु प्रभारी गिरीश चोडानकर के बीच मंत्रणा हुई और फिर कांग्रेस नेतृत्व ने राज्य इकाई को निर्देश जारी किया कि वह राज्य की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए अंतिम निर्णय ले।

कांग्रेस ने यह भी कहा कि तमिलनाडु का जनादेश धर्मनिरपेक्ष सरकार के लिए है और वह भाजपा तथा उसके प्रतिनिधि समूहों को सत्ता से दूर रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

वेणुगोपाल ने संवाददाताओं से कहा, ‘टीवीके अध्यक्ष विजय ने कांग्रेस से तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए समर्थन का अनुरोध किया है। उन्होंने अपने राजनीतिक मिशन में पेरुमथलाईवर कामराज से भी प्रेरणा लेने की बात कही है। कांग्रेस का स्पष्ट मानना है कि तमिलनाडु में जनादेश एक ऐसी धर्मनिरपेक्ष सरकार के लिए है, जो संविधान की अक्षरशः रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हो।’

उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस बात के लिए प्रतिबद्ध है कि भाजपा और उसके प्रतिनिधि किसी भी तरह से तमिलनाडु सरकार को न चलाएं।

उनका कहना था, ‘ऐसे में कांग्रेस नेतृत्व ने तमिलनाडु प्रदेश कांग्रेस कमेटी को चुनाव परिणाम के मद्देनजर राज्य की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए विजय के अनुरोध पर अंतिम निर्णय लेने का निर्देश दिया है।’

तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा में टीवीके को 108 सीटें हासिल हुई हैं। उसे सरकार बनाने के लिए 10 और विधायकों के समर्थन की जरूरत है। कांग्रेस के पांच विधायक निर्वाचित हुए हैं। कांग्रेस फिलहाल द्रमुक के नेतृत्व वाले गठबंधन का हिस्सा है।

भाषा हक अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में