केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर जयपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस से झड़प

केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर जयपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस से झड़प

केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर जयपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस से झड़प
Modified Date: July 22, 2026 / 06:37 pm IST
Published Date: July 22, 2026 6:37 pm IST

जयपुर, 22 जुलाई (भाषा) केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर बुधवार को लगातार दूसरे दिन जयपुर में कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हो गई। भाजपा प्रदेश मुख्यालय की ओर कूच करने की कोशिश कर रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने अवरोधक लगाकर रोक दिया।

प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने किया।

प्रदर्शनकारियों को पुलिस आयुक्तालय के पास रोक दिया गया, जहां पहले से अवरोधक लगाए गए थे और भारी पुलिस बल तैनात था।

डोटासरा ने कहा, ‘भाजपा के लोग नाथूराम गोडसे के वंशज हैं। इन्हें गोली चलानी आती है, आंदोलनों को कुचलना आता है। सुशासन देना इनके बस की बात नहीं है। ये गुंडागर्दी कर रहे हैं और परीक्षा के प्रश्नपत्र चुरा रहे हैं।’

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने प्रश्नपत्र लीक के मुद्दे पर उनकी सरकार गिराई थी, जबकि अब तक 152 प्रश्नपत्र लीक हो चुके हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पास इसका कोई जवाब नहीं है।

डोटासरा ने कहा, ‘केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, युवाओं को न्याय और इस मुद्दे पर लोकसभा में चर्चा से कम कुछ भी स्वीकार नहीं होगा।’

पूर्व विधायक प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा, ‘जब तक केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देंगे, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।’

भाजपा कार्यालय की ओर कूच करने से पहले कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के बाहर पुतला फूंका और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

कांग्रेस कार्यालय से निकली रैली जैसे ही गवर्नमेंट हॉस्टल सर्किल पहुंची, प्रदर्शनकारियों ने आगे बढ़ने की कोशिश की, जिससे पुलिस के साथ हल्की झड़प हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अवरोधक फांदने का प्रयास किया तो भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने पानी की बौछार का इस्तेमाल किया।

संसार चंद्र रोड से होकर निकली रैली के कारण इलाके में यातायात भी प्रभावित रहा।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए भाजपा कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे, जबकि पुलिस ने उन्हें वहां पहुंचने से रोकने के लिए कड़ी निगरानी बनाए रखी।

कांग्रेस नेताओं ने बताया कि पार्टी पिछले दो दिनों से जयपुर में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही है और केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध कर रही है।

भाषा बाकोलिया जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में