पश्चिम एशिया को लेकर कांग्रेस के ‘भड़काऊ’ बयानों से वहां भारतीयों की जान को खतरा है: मोदी

पश्चिम एशिया को लेकर कांग्रेस के 'भड़काऊ' बयानों से वहां भारतीयों की जान को खतरा है: मोदी

पश्चिम एशिया को लेकर कांग्रेस के ‘भड़काऊ’ बयानों से वहां भारतीयों की जान को खतरा है:  मोदी
Modified Date: April 4, 2026 / 07:10 pm IST
Published Date: April 4, 2026 7:10 pm IST

(फोटो के साथ)

तिरुवल्ला (केरल), चार अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कांग्रेस पर पश्चिम एशियाई देशों के साथ भारत के संबंधों में तनाव पैदा करने के उद्देश्य से ‘‘भड़काऊ’’ बयान देने का आरोप लगाया, ताकि उन्हें राजनीतिक रूप से नुकसान पहुंचाया जा सके और इस तरह राजनीतिक फायदा प्राप्त किया जा सके।

कांग्रेस और उसके सहयोगियों पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि वे केवल चुनाव जीतने के बारे में ही चिंतित हैं।

मोदी ने यहां राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की रैली में कहा, ‘‘मैं यह बात स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि चुनाव आते-जाते रहेंगे, लेकिन भारतीयों की सुरक्षा, विशेष रूप से पश्चिम एशिया में रहने वाले केरल के लोगों की सुरक्षा, मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है और मैं इसे सुनिश्चित करूंगा।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि खाड़ी देशों में काम करने और रहने वाले केरल के लाखों लोगों के अलावा, पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण गोवा, तमिलनाडु और अन्य राज्यों के मछुआरे ईरान और पश्चिम एशिया के कुछ हिस्सों में फंसे हुए हैं।

मोदी ने कहा, ‘‘हम उन्हें सुरक्षित वापस लाने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन कांग्रेस को इसकी कोई परवाह नहीं है। कांग्रेस ऐसे बयान दे रही है, जिनसे पश्चिम एशियाई देशों के साथ भारत के संबंधों में तनाव पैदा होने का खतरा है और अनावश्यक दहशत फैलाई जा रही है। यह सब सिर्फ मुझ पर राजनीतिक हमले करने के लिए किया जा रहा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘उन्हें सिर्फ राजनीति और सत्ता की परवाह है। कांग्रेस को भारत की जनता की कोई परवाह नहीं है। कांग्रेस ने केरल की जनता के भरोसे को तोड़ दिया है। उन्हें जनता और देश से माफी मांगनी चाहिए।’’

रैली में अपने भाषण में प्रधानमंत्री ने दावा किया कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष ने ‘‘कांग्रेस और उसके सहयोगियों की मानसिकता को उजागर कर दिया है’’।

मोदी ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस नेताओं से कई बार कहा है कि इस तरह के ‘‘गैरजिम्मेदाराना बयान’’ देने का यह समय नहीं है, क्योंकि खाड़ी क्षेत्र में रहने वाले लाखों भारतीय भाइयों और बहनों की सुरक्षा भारत की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा, ‘‘केरल के लाखों निवासी इस क्षेत्र में काम करते हैं, फिर भी कांग्रेस नेताओं के गैरजिम्मेदाराना बयान उनकी सुरक्षा को खतरे में डाल रहे हैं। मैं कांग्रेस नेताओं से आग्रह करता हूं कि वे ऐसे बयान देने से बचें, जिनसे पश्चिम एशिया में रहने वाले भारतीयों की जान को खतरा हो सकता है।’’

मोदी ने कहा, ‘‘हमारी सरकार के खाड़ी देशों के साथ मजबूत संबंध ही इन कठिन समय में हमारे लोगों की रक्षा करने में मददगार साबित हो रहे हैं।’’

भाषा

देवेंद्र दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में