कांग्रेस ने मुरली मनोहर जोशी की टिप्पणी को लेकर प्रधानमंत्री पर कटाक्ष किया
कांग्रेस ने मुरली मनोहर जोशी की टिप्पणी को लेकर प्रधानमंत्री पर कटाक्ष किया
नयी दिल्ली, 21 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी की ‘‘अब भारत के विश्वगुरु नहीं होने’’ वाली टिप्पणी को लेकर मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा में प्रधानमंत्री से वरिष्ठ लोग उनके बारे में यही सोचते हैं।
भाजपा के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी ने संस्कृत के व्यापक प्रचार-प्रसार और ‘क्वांटम कंप्यूटिंग’ में भी इसके उपयोग की वकालत करते हुए सोमवार को कहा था कि भारत अब विश्वगुरु नहीं है और इस शब्द का प्रयोग नहीं किया जाना चाहिए।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘20 अप्रैल, 2026 को डॉ. मुरली मनोहर जोशी ने प्रधानमंत्री मोदी के विश्वगुरु होने के दावों को खारिज कर दिया। पांच अप्रैल, 2014 को लालकृष्ण आडवाणी ने कहा था कि नरेन्द्र मोदी मेरे शिष्य नहीं हैं, लेकिन एक शानदार इवेंट मैनेजर हैं। भाजपा में प्रधानमंत्री के वरिष्ठ लोग उनके बारे में यही सोचते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अटल बिहारी वाजपेयी भी थे जिन्होंने 10 मार्च, 2002 को गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री (मोदी) को राजधर्म की याद दिलाई थी।’’
भाषा हक हक पवनेश
पवनेश

Facebook


