दिल्ली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने के खिलाफ प्रदर्शन किया
दिल्ली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने के खिलाफ प्रदर्शन किया
नयी दिल्ली, एक सितंबर (भाषा) कांग्रेस की दिल्ली इकाई के कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किये जाने की निंदा करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
यह प्राथमिकी उत्तराखंड में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद आयोजन स्थल पर कथित रूप से आयोजित ‘शुद्धीकरण’ अनुष्ठान पर राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर दर्ज की गई थी।
पार्टी के एक बयान के अनुसार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव के नेतृत्व में यहां प्रदर्शन में पार्टी के कई कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
गांधी ने उन भाजपा-आरएसएस कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी जिन्होंने कथित तौर पर ‘शुद्धीकरण’ की रस्म निभाई थी। उनके इस बयान के बाद उत्तराखंड में गांधी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी।
यादव ने आरोप लगाया कि खरगे के कथित अपमान के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय, उत्तराखंड पुलिस ने गांधी के ख़िलाफ प्राथमिकी दर्ज की।
यादव ने कहा, ‘‘यह प्राथमिकी भाजपा के डर और जातिवादी सोच को उजागर करती है।’’
उन्होंने कहा कि जब तक खरगे के कथित अपमान के लिए जिम्मेदार लोगों को सजा नहीं मिल जाती, तब तक कांग्रेस अपना विरोध-प्रदर्शन तेज करेगी।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यह प्राथमिकी दलितों और हाशिए पर रहने वाले वर्गों पर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ आवाज़ उठाने वालों को चुप कराने की एक कोशिश है।
यादव ने कहा, ‘‘जब तक खरगे जी के अपमान के असली दोषियों को सजा नहीं मिल जाती और राहुल जी के खिलाफ दर्ज इस बेबुनियाद प्राथमिकी को कूड़ेदान में नहीं फेंक दिया जाता, तब तक हम चैन से नहीं बैठेंगे।’’
भाषा राजकुमार माधव
माधव

Facebook


