पी.के. शशि के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पर विचार कर रहा हूं: माकपा जिला सचिव
पी.के. शशि के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पर विचार कर रहा हूं: माकपा जिला सचिव
पल्लक्कड़, छह मार्च (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के जिला सचिव ईएन सुरेश बाबू ने शुक्रवार को कहा कि उन पर शराब की तस्करी में संलिप्तता का आरोप लगाने के लिए वह पार्टी से निष्कासित नेता पीके शशि के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पर विचार कर रहे हैं।
पूर्व विधायक शशि ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया था कि शराब की तस्करी के एक मामले में मुख्य आरोपी को पार्टी के जिला नेतृत्व में पदोन्नत किया गया है, जो स्पष्ट रूप से बाबू की ओर इशारा था।
इस टिप्पणी के बाद शशि को सत्तारूढ़ वामपंथी पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था।
बाबू ने शुक्रवार को यहां पत्रकारों से कहा कि वह माकपा नेतृत्व के साथ चर्चा करेंगे और शशि के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करेंगे।
उन्होंने कहा कि वामपंथी दलों, विशेषकर माकपा में व्यक्तियों का कोई महत्व नहीं है और संगठन से ऊपर कोई नहीं है।
बाबू ने कहा कि अगर शशि के पास अपने आरोपों के समर्थन में कोई सबूत है, तो उन्हें उसे प्रकट करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि वह डरते नहीं हैं।
बाबू ने यह भी कहा कि वह पार्टी से निष्कासित व्यक्ति द्वारा लगाए गए हर आरोप का जवाब नहीं देने वाले हैं।
शोर्नूर से पूर्व विधायक शशि को 2024 में जिला समिति से हटाकर शाखा स्तर पर लाया गया था और उन्होंने पिछले स्थानीय निकाय चुनावों के दौरान जिले में पार्टी नेतृत्व की आलोचना की थी।
इसी बीच, माकपा के वरिष्ठ नेता एनएन कृष्णदास ने कहा कि निष्कासित शशि उन नेताओं में से थे जिन्हें जिले के किसी भी अन्य नेता की तुलना में अधिक अवसर मिले थे।
भाषा जितेंद्र नरेश
नरेश

Facebook


