साझा केंद्रीय सचिवालय का निर्माण अप्रैल 2028 तक पूरा हो जाएगा : सरकार

साझा केंद्रीय सचिवालय का निर्माण अप्रैल 2028 तक पूरा हो जाएगा : सरकार

साझा केंद्रीय सचिवालय का निर्माण अप्रैल 2028 तक पूरा हो जाएगा : सरकार
Modified Date: March 30, 2026 / 09:47 pm IST
Published Date: March 30, 2026 9:47 pm IST

नयी दिल्ली, 30 मार्च (भाषा) सरकार ने सोमवार को राज्यसभा को बताया कि साझा केंद्रीय सचिवालय (सीसीएस) की शेष सात इमारतों का निर्माण कार्य अप्रैल 2028 तक पूरा हो जाएगा, जबकि एक इमारत का निर्माण इस वर्ष सितंबर तक पूरा होगा।

सरकार की महत्वाकांक्षी सेंट्रल विस्टा योजना के तहत विभिन्न मंत्रालयों के कार्यालयों के लिए सीसीएस की कुल दस इमारतों का निर्माण किया जाना है। कर्तव्य भवन 1, 2 और 3 नामक तीन इमारतों का निर्माण पहले ही पूरा हो चुका है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के एक प्रश्न के लिखित उत्तर में आवास और शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने बताया कि ऐतिहासिक नार्थ और साउथ ब्लॉक भवनों के लिए व्यापक संरक्षण और जीर्णोद्धार कार्य चल रहे हैं।

मंत्री ने बताया कि सीसीएस 10 का निर्माण कार्य इस वर्ष सितंबर तक पूरा हो जाने की संभावना है, जबकि सीसीएस भवन 6 और 7 का निर्माण कार्य मार्च 2027 तक पूरा हो जाएगा। सीसीएस 8 और 9 के दिसंबर 2027 तक तैयार होने की संभावना है। सीसीएस भवन 4 और 5 से संबंधित अंतिम चरण का कार्य अप्रैल 2028 तक पूरा हो जाएगा।

साहू ने सेंट्रल विस्टा पुनर्विकास परियोजना के अंतर्गत निर्माण स्थलों पर प्रदूषण नियंत्रण उपायों से संबंधित एक अन्य प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा, ‘‘सेंट्रल विस्टा पुनर्विकास परियोजनाओं में धूल नियंत्रण जाल, पानी का छिड़काव, निर्माण मलबे को ढकना, सामग्री का ढक कर परिवहन, मलबे/निर्माण एवं मलबे को प्रसंस्करण संयंत्र में निपटाने जैसे प्रदूषण नियंत्रण उपाय किए जा रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि आसपास की सड़कों की नियमित रूप से सफाई की जा रही और जल छिड़काव किया जा रहा है तथा निर्माण मलबे को ट्रकों पर उपयुक्त रूप से ढक कर हटाया जा रहा है।

भाषा अविनाश सुभाष

सुभाष


लेखक के बारे में