जम्मू कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने में लगातार हो रही देरी चिंताजनक : फारूक अब्दुल्ला

Ads

जम्मू कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने में लगातार हो रही देरी चिंताजनक : फारूक अब्दुल्ला

  •  
  • Publish Date - February 22, 2026 / 10:49 PM IST,
    Updated On - February 22, 2026 / 10:49 PM IST

श्रीनगर, 22 फरवरी (भाषा) नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने जम्मू कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने में हो रही ‘लगातार देरी’ पर रविवार को चिंता जतायी।

अब्दुल्ला ने एक बयान में कहा कि जम्मू कश्मीर के लोगों ने धैर्यपूर्वक प्रतीक्षा की है और लोकतांत्रिक संस्थानों में अपना विश्वास रखा है, फिर भी राज्य का दर्जा बहाल करने का वादा पूरा नहीं हुआ है।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि राज्य का दर्जा कोई विशेषाधिकार नहीं, बल्कि एक संवैधानिक अधिकार है जो जनता की लोकतांत्रिक आकांक्षाओं और पहचान को दर्शाता है। उन्होंने कहा, ‘‘राज्य का दर्जा जल्द से जल्द बहाल करने के संबंध में उच्चस्तर पर बार-बार आश्वासन दिए गए हैं। हालांकि, स्पष्ट समयसीमा के अभाव ने जनता में अनिश्चितता और निराशा पैदा कर दी है।’’

नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष अब्दुल्ला ने कहा कि राज्य का दर्जा बहाल करने से लोकतांत्रिक शासन मजबूत होगा, जवाबदेही बढ़ेगी और निर्वाचित प्रतिनिधियों को जनता की चिंताओं को दूर करने की शक्ति मिलेगी।

अब्दुल्ला ने केंद्र से आग्रह किया कि वह बिना किसी देरी के अपनी प्रतिबद्धता का सम्मान करे और पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने की दिशा में ठोस कदम उठाए।

उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर में स्थायी शांति, स्थिरता और विकास के लिए लोकतांत्रिक अधिकारों और संवैधानिक गारंटी की रक्षा करना आवश्यक है।

भाषा अमित सुरेश

सुरेश