पश्चिम एशिया में तेलंगाना के लोगों की सहायता के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित
पश्चिम एशिया में तेलंगाना के लोगों की सहायता के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित
हैदराबाद, दो मार्च (भाषा) तेलंगाना सरकार ने सोमवार को नयी दिल्ली स्थित तेलंगाना भवन में एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया ताकि संकटग्रस्त पश्चिम एशिया में रह रहे राज्य के लोगों और उनके परिवार के सदस्यों की सहायता की जा सके।
आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि राज्य सरकार के अधिकारी खाड़ी क्षेत्र की स्थिति पर करीब से नजर रख रहे हैं।
तेलंगाना भवन के वरिष्ठ अधिकारी स्थिति का आकलन करने के लिए विदेश मंत्रालय और संबंधित भारतीय दूतावासों के संपर्क में हैं।
विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘प्रभावित देशों में रहने वाले तेलंगाना के लोगों, जिनमें फंसे हुए लोग भी शामिल हैं, और उनके परिवार के सदस्यों से प्राप्त हो रही जानकारी को देखते हुए, तेलंगाना सरकार ने नयी दिल्ली स्थित तेलंगाना भवन में चौबीसों घंटे कार्यरत नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है।’’
इसमें कहा गया कि आवश्यक समन्वय को सुगम बनाने और आवश्यकतानुसार सहायता प्रदान करने के लिए नियंत्रण कक्ष चौबीसों घंटे कार्यरत रहेगा।
विज्ञप्ति के अनुसार, युद्धग्रस्त क्षेत्र में रहने वाले तेलंगाना के निवासी या राज्य में रहने वाले उनके परिवार के सदस्य संकट, यात्रा में बाधा या अन्य आपातकालीन स्थितियों में नियंत्रण कक्ष से संपर्क कर सकते हैं।
इसमें कहा गया कि राज्य सरकार स्थिति पर बारीकी से नजर रखना जारी रखेगी और विदेश मंत्रालय के समन्वय से आवश्यक सहायता प्रदान करेगी।
भाषा तान्या नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


