सोशल मीडिया हस्ती के राउरकेला सर्किट हाउस में ठहरने का वीडियो सामने आने से विवाद, दो से पूछताछ

सोशल मीडिया हस्ती के राउरकेला सर्किट हाउस में ठहरने का वीडियो सामने आने से विवाद, दो से पूछताछ

सोशल मीडिया हस्ती के राउरकेला सर्किट हाउस में ठहरने का वीडियो सामने आने से विवाद, दो से पूछताछ
Modified Date: September 14, 2026 / 01:26 pm IST
Published Date: September 14, 2026 1:26 pm IST

राउरकेला, 14 सितंबर (भाषा) ओडिशा के राउरकेला स्थित ‘सर्किट हाउस’ में ठहरने के दौरान वहां ‘‘शाही सत्कार’’ मिलने का दावा करने वाली एक सोशल मीडिया हस्ती का पुराना वीडियो सामने आने के बाद यह सरकारी अतिथि गृह विवादों में घिर गया है।

वीडियो में सोशल मीडिया हस्ती ने दावा किया था कि वहां रहने के दौरान उन्हें ‘‘शाही सत्कार’’ मिला। इसके बाद पुलिस ने एक स्थानीय व्यवसायी और एक सेवानिवृत्त पुलिस अधीक्षक (एसपी) के बेटे से पूछताछ की।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, महिला पेशे से एक मॉडल है और वयस्क वेब सीरीज में काम करती है। उसे एक व्यवसायी ने आभूषण शोरूम के प्रचार के लिए शहर में आमंत्रित किया था। अधिकारियों ने बताया कि एक सेवानिवृत्त पुलिस अधीक्षक के बेटे ने ‘सर्किट हाउस’ में उसके लिए कमरा बुक कराया था। सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी का कुछ समय पहले निधन हो गया था।

यह घटना इसी ‘सर्किट हाउस’ से हथियार जब्त किए जाने और 12 लोगों की गिरफ्तारी होने के एक महीने से भी कम समय बाद सामने आई है।

महिला पिछले साल दिसंबर में राउरकेला आई थी और उसे ‘सर्किट हाउस’ में ठहराया गया था। उसने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर वहां मिली सुविधाओं की तारीफ की थी।

उसने स्वीकार किया कि उसे ‘‘शाही सत्कार’’ मिला और उसे एक ‘सुइट’ में रहने की इजाजत दी गई।

वीडियो में महिला को यह कहते हुए सुना जा सकता है, ‘‘जैजैसा कि आप देख सकते हैं, मैं सर्किट हाउस में ठहरने वाली हूं। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुझे सर्किट हाउस में ठहरने का मौका मिलेगा। यहां केवल बड़े अधिकारी ही ठहरते हैं… इसलिए जिन लोगों के बुलावे पर मैं यहां आई हूं, वे कोई मामूली लोग नहीं हैं।’’’

लगभग 10 महीने पहले पोस्ट किए गए वीडियो में उन्हें यह कहते हुए सुना गया, ‘‘मेरी (सेवानिवृत्त) एसपी और उनके बेटे के साथ बैठक है। मैं यहां अपनी जिंदगी की सबसे बड़ी परियोजना के लिए आई हूं। मैं इससे अधिक कुछ नहीं बताऊंगी।’’

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने दो लोगों से पूछताछ की है – दिवंगत पुलिस अधिकारी का बेटा और एक अन्य व्यक्ति जो महिला को राउरकेला लेकर आए थे। पूछताछ के बाद दोनों को छोड़ दिया गया क्योंकि इस मामले में कोई गैर-कानूनी काम या अपराध नहीं हुआ था।’’

उन्होंने कहा कि यह मामला नागरिक प्रशासन का हो सकता है कि महिला को यह सुविधा कैसे मिली।

सर्किट हाउस में मेहमानों को कमरे आवंटित करने के प्रभारी एवं पानपोष के उप जिलाधिकारी चंद्र कांता मलिक ने महिला के वहां ठहरने के बारे में जानकारी देने से इनकार कर दिया।

एक नए वीडियो में, महिला ने लोगों से अपील की कि वे पुराने मुद्दे को दोबारा न उठाएं।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं सर्किट हाउस में लगभग 15 मिनट रुकी थी क्योंकि जब मैंने सोशल मीडिया पर इसके बारे में बनाया गया व्लॉग डाला तो आयोजक ने मुझे वहां से जाने के लिए कह दिया था… कृपया इस मुद्दे को उठाना बंद करें… 2025 में वीडियो बनाने के पीछे मेरा कोई गलत इरादा नहीं था।’’

भाषा सुरभि सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में