मदनपुर खादर में एनएचएआई राजमार्ग का हिस्सा बंद, यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह
मदनपुर खादर में एनएचएआई राजमार्ग का हिस्सा बंद, यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह
नयी दिल्ली, 14 सितंबर (भाषा) दिल्ली यातायात पुलिस ने एक परामर्श जारी कर बताया कि एनएचएआई राजमार्ग का एक हिस्सा मदनपुर खादर में अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।
परामर्श के अनुसार, जैतपुर से सराय काले खां और आश्रम की ओर जाने वाले राजमार्ग के खंड को अगले निर्देश तक बंद किया गया है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का हिस्सा एनएचएआई राजमार्ग का भाग है।
आश्रम और सराय काले खां की ओर जाने वाले लोगों को सलाह दी गई है कि वे इस प्रभावित हिस्से से न गुजरें और अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए कालिंदी कुंज और मथुरा रोड होते हुए सर्विस रोड का इस्तेमाल करें।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपनी यात्रा की योजना उसी के अनुसार बनाने और मार्ग पर लगाए गए यातायात निर्देशों एवं संकेतकों का पालन करने की अपील की है।
परामर्श में कहा गया है कि वाहनों की आवाजाही सुचारू रखने और यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग से जाने में मदद करने के लिए क्षेत्र में यातायात कर्मियों को भी तैनात किया गया है।
परामर्श में कहा गया, ‘‘यात्रियों से अनुरोध है कि वे अपनी यात्रा की योजना उसी के अनुसार बनाएं, यातायात निर्देशों/संकेतकों का पालन करें और क्षेत्र में तैनात यातायात कर्मियों के साथ सहयोग करें।’’
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से प्रभावित क्षेत्र से गुजरते समय धैर्य बनाए रखने और यातायात नियमों का पालन करने की भी अपील की है।
परामर्श में अस्थायी रूप से मार्ग बंद किए जाने के कारण का उल्लेख नहीं किया गया है और न ही यह बताया गया है कि प्रभावित राजमार्ग को दोबारा कब खोला जाएगा।
यातायात पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अधिकारियों ने राजमार्ग पर परीक्षण कार्य पूरा कर लिया है और अब वे इस हिस्से को दोबारा खोलने से पहले जरूरी उपायों का आकलन कर रहे हैं।
भाषा
सुरभि मनीषा
मनीषा

Facebook


