तृणमूल में भ्रष्टाचार संस्थागत रूप ले चुका है: निलंबित पार्टी प्रवक्ता रिजू दत्ता
तृणमूल में भ्रष्टाचार संस्थागत रूप ले चुका है: निलंबित पार्टी प्रवक्ता रिजू दत्ता
कोलकाता, 10 मई (भाषा) तृणमूल कांग्रेस के निलंबित प्रवक्ता रिजु दत्ता ने रविवार को अपनी पार्टी पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार संस्थागत रूप ले चुका है।
तृणमूल कांग्रेस के अनुशासन का कथित तौर पर उल्लंघन करने के आरोप में छह साल के लिए पार्टी से निलंबित किए जाने के एक दिन बाद दत्ता ने सवाल किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की चुनावी जीत के बाद पश्चिम बंगाल के लोग अब ‘‘बिना किसी डर के खुद को खुलकर व्यक्त करने के लिए स्वतंत्र’’ क्यों महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हालात इस हद तक क्यों पहुंच गए हैं? लोग जश्न क्यों मना रहे हैं? हमने आत्म मंथन नहीं किया।’’
निलंबित नेता ने आरोप लगाया कि जनता से जुड़े लगभग हर काम के लिए पैसे की मांग की जाती थी।
दत्ता ने आरोप लगाया,‘‘घरों में शौचालय बनवाने से लेकर भवन निर्माण योजनाओं को मंजूरी दिलाने तक, हर जगह पैसे देने पड़ते थे। शायद ही कोई ऐसा काम होता था जिसके लिए लोगों को तृणमूल कांग्रेस को पैसे न देने पड़ते हों।’’
उन्होंने स्कूल में नौकरियों से जुड़े घोटाले का भी जिक्र किया और कहा कि ‘‘नौकरी की चोरी’’ के आरोपों पर गंभीरता से ध्यान दिया जाना चाहिए था।
दत्ता ने कहा, ‘‘अगर कोई कहता है कि नौकरियां चोरी नहीं हुईं, तो यह एक गंभीर पाप होगा।’’
तृणमूल के पूर्व प्रवक्ता ने कहा कि जब भी उन्होंने पार्टी मंच के भीतर ऐसे मुद्दे उठाने की कोशिश की, तो उन्हें नजरअंदाज कर दिया गया।
दत्ता ने इससे पहले, राज्य में भाजपा की जीत के बाद एक वीडियो संदेश जारी कर भाजपा नेताओं को उनके द्वारा ‘शिष्टाचार’ का प्रदर्शन करने और ‘संरक्षण’ प्रदान करने के लिए धन्यवाद दिया था।
उन्होंने कहा था, ‘‘भाजपा के केंद्रीय और बंगाल नेतृत्व ने मुझे खुले तौर पर अपनी विचारधारा और मान्यताओं के अनुसार निडर होकर राजनीति जारी रखने के लिए कहा और मुझे आश्वासन दिया कि मेरे परिवार को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा।’’
दत्ता ने तृणमूल से निलंबन पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने पार्टी को 13 साल समर्पित किए हैं और ‘‘कड़ी मेहनत और प्रदर्शन’’ के दम पर आगे बढ़े हैं।
उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘‘मैं भाई-भतीजावाद से आगे बढ़ा व्यक्ति नहीं हूं। फिर भी मेरी प्रिय पार्टी ने मुझे इसलिए निलंबित कर दिया क्योंकि मैंने सच बोला।’’
तृणमूल के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि पार्टी दत्ता के आरोपों का जवाब ‘उचित समय पर’ देगी और सवाल उठाया कि उन्होंने चुनाव परिणाम आने के बाद ही इन मुद्दों को क्यों उठाया।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की हार के बाद पार्टी विरोधी टिप्पणी करने के आरोप में शनिवार को पार्टी ने अपने तीन प्रवक्ताओं को छह साल के लिए निलंबित कर दिया था।
तृणमूल कांग्रेस ने एक बयान जारी कर अनुशासन का उल्लंघन करने के आरोप में प्रवक्ता कोहिनूर मजूमदार, रिजू दत्ता और कार्तिक घोष को निलंबित करने की घोषणा की।
तृणमूल ने इन तीन प्रवक्ताओं के निलंबन के अलावा कृष्णेंदु चौधरी और पापिया घोष को भी नोटिस जारी किए हैं।
भाषा
धीरज नरेश
नरेश

Facebook


