केरल विधानसभा में विपक्ष के उपनेता पद के लिए दावा पेश करेगी भाकपा
केरल विधानसभा में विपक्ष के उपनेता पद के लिए दावा पेश करेगी भाकपा
तिरुवनंतपुरम, आठ मई (भाषा) भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की केरल इकाई के सचिव बिनॉय विश्वम ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी केरल विधानसभा में विपक्ष के उपनेता पद के लिए दावा पेश करेगी।
यहां पत्रकारों से बातचीत में विश्वम ने कहा कि विधानसभा में विपक्ष का नेता मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) से होगा।
उन्होंने हालांकि कहा कि भाकपा विपक्ष के उपनेता पद के लिए दावेदारी पेश करेगी।
उन्होंने कहा, ‘‘इसमें कई तकनीकी पेचीदगियां हैं, लेकिन एलडीएफ में इन पर काबू पाने की क्षमता है। विधानसभा में पहले भी विपक्ष का उपनेता रह चुका है, और ऐसा दोबारा हो सकता है।’’
विश्वम ने यह भी कहा कि भाकपा ने पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के विपक्ष के नेता बनने पर कोई आपत्ति नहीं जताई और यह मामला माकपा को तय करना है।
विश्वम ने कहा कि एलडीएफ, जिसमें कई पार्टियां एक साझा लक्ष्य की ओर काम कर रही हैं को और मजबूत करने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि चुनावी हार के कई कारण थे और इसके लिए किसी एक पार्टी को अकेले जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।
उन्होंने कहा, ‘‘ हम माकपा की आलोचना करने को तैयार नहीं हैं। माकपा और भाकपा दोनों को सुधारात्मक कदम उठाने होंगे। हमें इस स्तर पर माकपा को अलग-थलग नहीं करना चाहिए। अभी सबसे महत्वपूर्ण बात एलडीएफ की एकता सुनिश्चित करना है।’’
उन्होंने कहा कि एलडीएफ की नींव वामपंथी मूल्यों और विचारधारा पर आधारित है।
भाषा शोभना मनीषा
मनीषा

Facebook


