माकपा ने भाजपा समर्थित गुंडों पर त्रिपुरा में उसके पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ करने का लगाया आरोप
माकपा ने भाजपा समर्थित गुंडों पर त्रिपुरा में उसके पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ करने का लगाया आरोप
अगरतला, 20 सितंबर (भाषा) त्रिपुरा के विपक्षी दल मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने शनिवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समर्थित गुंडों पर प्रतापगढ़ क्षेत्र में उसके कार्यालय में बुलडोजर से तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया।
विपक्ष के नेता जितेंद्र चौधरी ने शनिवार को दावा किया कि गुंडे देर रात करीब डेढ़ बजे बुलडोजर लेकर माकपा के स्थानीय समिति कार्यालय में आए और तोड़फोड़ की।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे पास भाजपा समर्थित उपद्रवियों द्वारा की गई तोड़फोड़ के वीडियो क्लिप हैं।’’
माकपा के राज्य सचिव चौधरी ने कहा कि यह तोड़फोड़ भाजपा और आरएसएस के ‘लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सम्मान’ को दर्शाती है।
उन्होंने दावा किया, ‘‘झूठे वादे करके सत्ता में आई भाजपा जनता का पैसा लूट रही है और राज्य के लोकतांत्रिक माहौल को नष्ट कर रही है।’’
इस घटना को ‘‘अंधेरे में की गई कायराना हरकत’’ बताते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस ने इस संबंध में दर्ज शिकायत पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है।
भाजपा जिला अध्यक्ष असीम भट्टाचार्य ने इस घटना पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
माकपा के जिला सचिव रतन दास ने कहा कि राज्य में भाजपा के सत्ता में आने के बाद से यह सातवीं बार है जब पार्टी कार्यालय पर हमला हुआ है।
पुलिस ने बताया कि उसे शिकायत मिली है।
पूर्वी अगरतला थाने के प्रभारी अधिकारी (ओसी) सुब्रत देबनाथ ने कहा, ‘‘हमले में इस्तेमाल की गई जेसीबी जब्त कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।’’
भाषा
राजकुमार पवनेश
पवनेश

Facebook


