माकपा नेताओं ने बाढ़ के दौरान कार्यक्रमों में शामिल होने पर केरल के मुख्यमंत्री की आलोचना की

Ads

माकपा नेताओं ने बाढ़ के दौरान कार्यक्रमों में शामिल होने पर केरल के मुख्यमंत्री की आलोचना की

  •  
  • Publish Date - August 2, 2026 / 12:28 PM IST,
    Updated On - August 2, 2026 / 12:28 PM IST

तिरुवनंतपुरम, दो अगस्त (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के राज्यसभा सदस्य ए. ए. रहीम और पूर्व विधायक वी. के. प्रशांत ने केरल के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन के मलप्पुरम में ‘यूथ लीग’ के एक नेता के आवास पर जाने को लेकर रविवार को कड़ी आलोचना की और कहा कि ऐसे समय में जब राज्य भर में हजारों लोग बारिश से संबंधित आपदाओं से जूझ रहे हैं, यह कदम पूरी तरह से अनुचित है।

रहीम ने ‘फेसबुक’ पर एक पोस्ट में मलप्पुरम के पोन्नानी में एक कार्यक्रम में शामिल होते मुख्यमंत्री के वीडियो साझा किए। रहीम ने कहा कि इसकी पुष्टि से पहले तक उन्हें यह ‘‘अविश्वसनीय’’ लगा रहा था।

उन्होंने आरोप लगाया कि जब विभिन्न जिलों में हजारों लोग आपदा की पीड़ा झेल रहे थे, तब सतीशन मलप्पुरम के पोन्नानी में ‘यूथ लीग’ के एक नेता के घर मेहमान के तौर पर पहुंचकर शानदार भोजन का आनंद ले रहे थे।

‘यूथ लीग’, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) की युवा शाखा है।

रहीम ने कहा कि जब राज्य बेहद गंभीर संकट से गुजर रहा हो, तब सत्ता में बैठे लोगों की प्राथमिक जिम्मेदारी जनता के भीतर विश्वास जगाने की होती है।

उन्होंने कहा कि राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष के रूप में मुख्यमंत्री को ऐसे वक्त में कार्यों का कुशलतापूर्वक समन्वय करना चाहिए।

रहीम ने आरोप लगाया, ‘‘ इन जिम्मेदारियों को दरकिनार कर ‘यूथ लीग’ के नेता के घर पर मेहमान के तौर पर समय बिताना पूरी तरह से अनुचित और असमय था।’’

माकपा नेता ने सतीशन से अपने अन्य सभी कार्यक्रमों को तुरंत रद्द करने और आपदा राहत कार्यों के समन्वय पर ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया।

प्रशांत ने भी अपने सोशल मीडिया खाते पर ये वीडियो साझा किए और पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन से तुलना करते हुए सतीशन की आलोचना की।

उन्होंने दावा किया कि प्राकृतिक आपदाओं के दौरान विजयन अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर देते थे और बचाव कार्यों का खुद समन्वय करते थे।

सतीशन ने शनिवार को मलप्पुरम में कई कार्यक्रमों में शिरकत की थी।

शनिवार को केरल में कई स्थानों पर भूस्खलन और बाढ़ की घटनाएं सामने आईं, जिसमें कई लोगों की जान चली गई।

इस बीच, पर्यटन मंत्री पी. सी. विष्णुनाथ ने रविवार को कहा कि राज्य भारी बारिश से जुड़ी आपदाओं से जूझ रहा है,ऐसे में यह समय राजनीतिक आरोप लगाने का नहीं है और सारा ध्यान प्रभावित लोगों को राहत प्रदान करने पर होना चाहिए।

पत्तनमथिट्ठा में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मंत्री से मुख्यमंत्री सतीशन को लेकर उठे विवाद पर प्रतिक्रिया मांगी गई। सतीशन की इस बात को लेकर आलोचन हो रही है कि उन्होंने सरकार द्वारा किराये पर लिए गए हेलीकॉप्टर का उपयोग निजी यात्रा के लिए किया और कोच्चि गए और इसके बाद मलप्पुरम में यूथ लीग के एक नेता के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए।

मीडिया में खबरें हैं कि सतीशन कोच्चि में इलाज करा रहे अपने बीमार ससुर से मिलने के लिए हाल में हेलीकॉप्टर से गए थे। इसके बाद विपक्षी दल माकपा ने मुख्यमंत्री के इस फैसले की तीखी आलोचना की थी।

सतीशन ने अभी तक इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

भाषा खारी शोभना

शोभना