केरल में मुख्यमंत्री के चयन को लेकर अनिश्चितता का फायदा उठाने की कोशिश कर रही माकपा: कांग्रेस नेता

केरल में मुख्यमंत्री के चयन को लेकर अनिश्चितता का फायदा उठाने की कोशिश कर रही माकपा: कांग्रेस नेता

केरल में मुख्यमंत्री के चयन को लेकर अनिश्चितता का फायदा उठाने की कोशिश कर रही माकपा: कांग्रेस नेता
Modified Date: May 11, 2026 / 04:30 pm IST
Published Date: May 11, 2026 4:30 pm IST

कोट्टायम, 11 मई (भाषा) कांग्रेस नेता पी सी विष्णुनाथ ने सोमवार को आरोप लगाया कि केरल के अगले मुख्यमंत्री के चयन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में जारी अनिश्चतता का मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ‘‘फायदा उठाने’’ की कोशिश कर रही है।

विष्णुनाथ ने वदनप्पल्ली के एक सीसीटीवी फुटेज का हवाला दिया, जिसमें माकपा का एक कार्यकर्ता कथित तौर पर ऐसा ‘फ्लेक्स बोर्ड’ लगाते हुए देखा जा सकता है, जिस पर के सी वेणुगोपाल को केरल का अगला मुख्यमंत्री बनाने की मांग की गई है।

विष्णुनाथ ने कहा, ‘‘माकपा स्थिति का फायदा उठाने की कोशिश कर रही है। वह यह धारणा बनाना चाहती है कि किसी भी नेता के समर्थन में ‘फ्लेक्स बोर्ड’ नहीं लगाने के आलाकमान के निर्देश के बावजूद ऐसी हरकतें जारी हैं। वे यह दिखाना चाहते हैं कि कांग्रेस कार्यकर्ता आलाकमान के निर्देश का समर्थन नहीं करते हैं।’’

कांग्रेस नेता ने मुख्यमंत्री पद के चयन को लेकर तिरुवनंतपुरम में हाल ही में हुए एक प्रदर्शन पर भी संदेह जताया, जिसमें एक व्यक्ति को पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी की तस्वीर वाला ‘फ्लेक्स बोर्ड’ फाड़ते हुए देखा गया था।

उन्होंने कहा, ‘‘कोई भी कांग्रेस कार्यकर्ता ओमन चांडी की तस्वीर वाले ‘फ्लेक्स बोर्ड’ को न तो जलाएगा और न ही नुकसान पहुंचाएगा।’’

दिवंगत ओमन चांडी के बेटे चांडी ओमन ने भी कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता इस तरह के कृत्यों में शामिल नहीं होंगे। उन्होंने कहा, ‘‘फ्लेक्स बोर्ड लगाने और प्रदर्शन करने वालों से मैं कहना चाहता हूं कि हमें धैर्य रखना चाहिए। वरना, अन्य लोग स्थिति का फायदा उठा सकते हैं।’’

ओमन ने आरोप लगाया कि कई लोग फर्जी सोशल मीडिया खातों का इस्तेमाल करते हुए और खुद को कांग्रेस कार्यकर्ता रूप में पेश करते हुए मुख्यमंत्री पद के चयन से संबंधित संदेश पोस्ट कर रहे हैं।

केरल में हाल में संपन्न विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने राज्य की कुल 140 सीट में से 102 पर जीत दर्ज की। कांग्रेस आलाकमान के राज्य के अगले मुख्यमंत्री पर फैसला लेने की उम्मीद है।

हाल में पूरे केरल में वी डी सतीशन, के सी वेणुगोपाल और रमेश चेन्निथला के समर्थन में ‘फ्लेक्स बोर्ड’ लगाए गए और प्रदर्शन आयोजित किए गए। इन तीनों नेताओं को राज्य में मुख्यमंत्री पद का मजबूत दावेदार माना जा रहा है।

भाषा पारुल अमित माधव

अमित


लेखक के बारे में