दिल्ली, 28 जुलाई (भाषा) दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाईअड्डे पर सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों ने जकार्ता से आए एक यात्री को रोककर उसके कब्जे से तीन कैप्सूल बरामद किए, जिनमें 744 ग्राम सोना होने का संदेह है। यात्री ने स्वीकार किया कि उसने इन कैप्सूल को निगल रखा था।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, सोमवार को यहां पहुंचे इस यात्री को अग्रिम यात्री सूचना प्रणाली (एपीआईएस) प्रोफाइलिंग के आधार पर ग्रीन चैनल से बाहर निकलने के बाद रोका गया।
बयान में कहा गया कि यात्री के सामान की एक्स-रे जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। हालांकि, यात्री का व्यवहार संदिग्ध प्रतीत होने परअधिकारी उसे विस्तृत पूछताछ के लिए एयर इंटेलिजेंस यूनिट (एआईयू) के कार्यालय ले गए।
बयान में कहा गया, ‘लगातार पूछताछ के दौरान यात्री ने स्वीकार किया कि उसने कुल 744 ग्राम वजन के सोने के तीन ठोस टुकड़े निगल रखे थे।’
इसमें कहा गया है कि निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सोना निकालने के लिए सोने के पेस्ट से भरे होने के संदेह वाले तीन अंडाकार कैप्सूल को आगे भेज दिया गया है।
भाषा तान्या दिलीप
दिलीप