साइबर गुलामी: मानव तस्करी मामले में सीबीआई की चार राज्यों में छापेमारी, एक व्यक्ति गिरफ्तार

साइबर गुलामी: मानव तस्करी मामले में सीबीआई की चार राज्यों में छापेमारी, एक व्यक्ति गिरफ्तार

साइबर गुलामी: मानव तस्करी मामले में सीबीआई की चार राज्यों में छापेमारी, एक व्यक्ति गिरफ्तार
Modified Date: May 6, 2026 / 05:53 pm IST
Published Date: May 6, 2026 5:53 pm IST

नयी दिल्ली, छह मई (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने विदेश में आकर्षक नौकरियों के बहाने भारतीय नागरिकों की दक्षिण-पूर्वी एशियाई देशों में तस्करी की जांच के अंतर्गत बुधवार को चार राज्यों में नौ स्थानों पर छापेमारी की और लखनऊ से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, जांच से पता चला है कि पीड़ितों को ‘उच्च वेतन वाली नौकरियों के झूठे वादों’ से लुभाया गया और म्यांमा और कंबोडिया जैसे देशों में स्थित धोखाधड़ी के अड्डों पर ले जाया गया, जहां उन्हें ‘साइबर गुलामी’ के रूप में वर्णित परिस्थितियों में साइबर धोखाधड़ी के कार्यों में शामिल होने के लिए मजबूर किया गया।

एजेंसी ने बताया कि पीड़ितों पर ‘आवाजाही पर कड़ी पाबंदियां’ लगाई गईं और उनके पासपोर्ट पहुंचने पर अक्सर जब्त कर लिये जाते थे।

उसने यह भी बताया कि ‘‘शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न’’ के मामले भी सामने आए और कई मामलों में पीड़ितों को रिहाई के लिए अपने परिवारों से फिरौती की रकम का इंतजाम करने के लिए मजबूर किया गया।

जांच के तहत, सीबीआई ने मुंबई, दिल्ली, लखनऊ, काशीपुर, गोंडा और सहारनपुर जिलों के इलाकों में समन्वित छापेमारी की। यह छापेमारी पीड़ितों के बयान दर्ज करने के बाद की गई।

एजेंसी ने बताया कि उसने तस्करी नेटवर्क में शामिल लोगों की पहचान करने के लिए ‘क्रिप्टोकरेंसी लेनदेन पर नजर रखने सहित विस्तृत वित्तीय विश्लेषण’ किया और छापेमारी के दौरान संबंधित सबूत वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए।

बयान में कहा गया कि तस्करी अभियान में कथित भूमिका के आरोप में लखनऊ में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

इसमें यह भी कहा गया कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि एजेंट को भारतीय नागरिकों की आपूर्ति के बदले ‘घोटाला परिसरों के संचालकों से भुगतान मिलता था।’’

भाषा अमित नरेश

नरेश


लेखक के बारे में