दक्षिण दिल्ली के सैनिक फार्म में डीडीए ने विध्वंस अभियान चलाया

Ads

दक्षिण दिल्ली के सैनिक फार्म में डीडीए ने विध्वंस अभियान चलाया

  •  
  • Publish Date - April 9, 2026 / 03:27 PM IST,
    Updated On - April 9, 2026 / 03:27 PM IST

नयी दिल्ली, नौ अप्रैल (भाषा) दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने बृहस्पतिवार को दक्षिण दिल्ली के समृद्ध सैनिक फार्म इलाके में विध्वंस अभियान चलाया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के अनुसार, इस अभियान में वेस्टर्न एवेन्यू पर स्थित दो आवासीय भूखंडों पर कार्रवाई की गई।

वेस्टर्न एवेन्यू रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष हरदीप सिंह भल्ला ने आरोप लगाया, ‘यह पूरी तरह से गैरकानूनी कार्रवाई है। अदालत से स्थगन आदेश मिलने के बावजूद वे सुबह करीब पांच बजे आए और कार्रवाई की। यह निजी ज़मीन है और डीडीए के पास इस प्लॉट के खसरा नंबर का स्पष्ट सीमांकन नहीं है।’

भल्ला ने कहा कि जहां सरकार अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने की बात कर रही है, वहीं डीडीए इलाके के निवासियों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है।

इस मामले पर डीडीए की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक सरकारी एजेंसी ने विध्वंस अभियान के लिए कर्मियों की तैनाती का अनुरोध किया था।

अधिकारी ने कहा, ‘कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। अब तक कोई विरोध प्रदर्शन नहीं हुआ है।’

केंद्र सरकार ने मंगलवार को ‘जैसा है जहां है’ के आधार पर 1,521 अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने के लिए एक नई नीति की घोषणा की।

भाषा नोमान नोमान मनीषा

मनीषा