दिल्ली के रोहिणी में इमारत ढहने की घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर तीन हुई, बचाव अभियान समाप्त

Ads

दिल्ली के रोहिणी में इमारत ढहने की घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर तीन हुई, बचाव अभियान समाप्त

  •  
  • Publish Date - July 9, 2026 / 09:53 AM IST,
    Updated On - July 9, 2026 / 09:53 AM IST

(तस्वीर सहित)

नयी दिल्ली, नौ जुलाई (भाषा) दिल्ली के रोहिणी इलाके में निर्माणाधीन इमारत ढहने के बाद रातभर चले बचाव अभियान के दौरान मलबे से दो और शव बरामद किए गए और इसके साथ ही इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

बुधवार शाम भारी बारिश के दौरान निर्माणाधीन चार मंजिला इमारत ढहने के बाद शुरू किया गया बचाव अभियान अब समाप्त हो गया है।

डीएफएस के एक अधिकारी ने बताया कि अग्निशमन कर्मियों ने मलबे से कुल तीन लोगों को बाहर निकाला। इनमें से दो को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि एक घायल का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि अग्निशमन कर्मियों के मौके पर पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति को मलबे से निकाल लिया था लेकिन अस्पताल में उसे भी मृत घोषित कर दिया गया।

अधिकारी ने कहा कि हादसे में कुल तीन लोगों की मौत हो गई।

अधिकारी ने कहा, ‘‘बचाव अभियान पूरा हो चुका है। हालांकि, डीएफएस की टीम अब भी मौके पर मौजूद है।’’

यह हादसा बुधवार शाम चार बजकर 20 मिनट पर सेक्टर-16 स्थित नगर निगम के एक स्कूल के पास हुआ। निकाय की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के अनुसार, जी-4/152 और जी-4/153 नंबर की संपत्तियां इस घटना में प्रभावित हुई हैं।

इसके बाद पुलिस, डीएफएस, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), दिल्ली नगर निगम (एमसीडी), राजस्व विभाग और अन्य एजेंसियों ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया तथा मलबा हटाने के लिए भारी मशीनरी लगाई।

एमसीडी ने बुधवार को बताया कि यह इमारत हाल में बनाई गई थी और इसके नक्शे ‘सरल’ योजना के तहत स्वीकृत किए गए थे।

नगर निगम के प्रारंभिक आकलन के अनुसार, हादसे के समय इमारत में ‘प्लंबिंग’ (भवनों में जल आपूर्ति और अपशिष्ट निकासी के लिए पाइप और उपकरण स्थापित करना और उनका रखरखाव करना) का काम किया जा रहा था।

हालांकि, एमसीडी ने स्पष्ट किया कि हादसे के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत तकनीकी जांच के बाद ही चल सकेगा।

पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। जांच में स्वीकृत भवन नक्शों के अनुपालन, निर्माण की गुणवत्ता, संभावित संरचनात्मक बदलावों तथा परियोजना से जुड़े सभी लोगों की भूमिका की पड़ताल की जाएगी।

भाषा

खारी सिम्मी

सिम्मी