जम्मू-कश्मीर को जोखिम-मुक्त घोषित करें या सभी की सुरक्षा सुनिश्चित करें: स्पीकर राथर
जम्मू-कश्मीर को जोखिम-मुक्त घोषित करें या सभी की सुरक्षा सुनिश्चित करें: स्पीकर राथर
जम्मू, 31 मार्च (भाषा) नेशनल कांफ्रेंस द्वारा श्रीनगर में अपने पार्टी मुख्यालय से सुरक्षा हटाये जाने का मुद्दा उठाये जाने के बीच जम्मू कश्मीर विधानसभा के अध्यक्ष अब्दुल रहीम राथर ने मंगलवार को कहा कि अधिकारियों को केंद्र शासित प्रदेश को “जोखिम-मुक्त” घोषित करना चाहिए या सभी के लिए सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए ।
उन्होंने आगाह किया, ‘‘यदि नेता सुरक्षित नहीं है तो जिस राष्ट्रीय ध्वज को वे थामे हैं, वह भी दुर्भाग्यवश सुरक्षित नहीं रहेगा।’’
उन्होंने इस मामले में चुनिंदा दृष्टिकोण अपनाये जाने के खिलाफ आगाह करते हुए एक निष्पक्ष और गुण दोष -आधारित सुरक्षा व्यवस्था की आवश्यकता पर जोर दिया।
कांग्रेस विधायक निजामुद्दीन भट ने विधानसभा में एक प्रस्ताव पारित करने का अनुरोध किया ताकि समुचित और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था बहाल की जा सके। उन्होंने कहा कि संपत्तियों की नहीं बल्कि मानव जीवन की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
श्रीनगर में ‘नवाई-सुबुह’ परिसर में पार्टी मुख्यालय से सुरक्षा वापस लेने के मुद्दे पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायकों द्वारा शून्यकाल में उठाए गए मुद्दे पर आधे घंटे की चर्चा के अंत में अध्यक्ष ने कहा कि सदस्य सुरक्षा संबंधी चिंतायें उठाते रहे हैं, जिनमें उनके एस्कॉर्ट वाहन वापस लेना भी शामिल है। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों पर तुरंत ध्यान देने की जरूरत है।
अध्यक्ष ने कहा, ‘‘इस सदन से संदेश साफ और स्पष्ट है: यदि आप सुरक्षा प्रदान नहीं करना चाहते हैं, तो जम्मू और कश्मीर को जोखिम-मुक्त राज्य घोषित कर दें।’’
उन्होंने कहा, लेकिन चुनिंदा दृष्टिकोण का कोई औचित्य नहीं है। हम किसी पद या राज्यपाल के खिलाफ नहीं बोल रहे हैं; हम व्यवस्था के खिलाफ बोल रहे हैं।’’
भाषा रंजन माधव
माधव

Facebook


