देहरादून में नियमों का उल्लंघन करने वाले 17 होमस्टे का पंजीकरण रद्द

देहरादून में नियमों का उल्लंघन करने वाले 17 होमस्टे का पंजीकरण रद्द

देहरादून में नियमों का उल्लंघन करने वाले 17 होमस्टे का पंजीकरण रद्द
Modified Date: April 29, 2026 / 08:57 pm IST
Published Date: April 29, 2026 8:57 pm IST

देहरादून, 29 अप्रैल (भाषा) उत्तराखंड में देहरादून जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से व्यावसायिक होटलों तथा आपराधिक गतिविधियों के ठिकानों के रूप में संचालित हो रहे 17 होमस्टे का पंजीकरण बुधवार को रद्द कर दिया।

अधिकारियों के अनुसार इन होमस्टे में शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने और सार्वजनिक स्थानों पर गोलीबारी करने जैसी गतिविधियों में शामिल उपद्रवी तत्वों को पनाह दिए जाने के मामले जांच में सामने आए। इसके बाद जिला प्रशासन ने ‘ऑपरेशन सफाई’ के तहत यह कार्रवाई की।

उत्तराखंड में होमस्टे नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों की पहचान के लिए मजिस्ट्रेटों की पांच टीमों का गठन किया गया, जिन्होंने सात दिनों तक निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने बताया कि पंजीकरण निरस्तीकरण की कार्रवाई सहसपुर और रायपुर ब्लॉक के शहरी क्षेत्रों में की गई, जहां कथित तौर पर कुछ मकान मालिकों ने अपने घरों को व्यावसायिक बार और डीजे स्थल में बदल दिया था।

उन्होंने बताया कि इन होमस्टे को राज्य पर्यटन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट से भी हटाया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान कई खामियां पाई गईं। कुछ होमस्टे अग्नि सुरक्षा उपकरणों, खाद्य लाइसेंस या रसोई सुविधाओं के बिना संचालित हो रहे थे। कई मालिकों ने अपनी संपत्तियां तीसरे पक्ष को किराए पर दे रखी थीं। कुछ संचालक विदेशी नागरिकों को ठहराने के लिए आवश्यक ‘सी-फॉर्म’ जमा नहीं कर रहे थे, जबकि एक अन्य होमस्टे अपनी पंजीकृत क्षमता से अधिक कमरे संचालित कर रहा था।

देहरादून के जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि होमस्टे योजना का उद्देश्य स्थानीय संस्कृति और पारंपरिक व्यंजनों का प्रचार-प्रसार तथा स्थानीय लोगों की आय बढ़ाना था, लेकिन निरीक्षण में कई अनियमितताएं सामने आईं, जिनसे कानून-व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था।

उन्होंने कहा, “आमजन की सुरक्षा सर्वोपरि है। कोई भी कानून से ऊपर नहीं है।”

बंसल ने कहा कि होमस्टे को अवैध गतिविधियों का केंद्र बनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

भाषा

दीप्ति रवि कांत


लेखक के बारे में