केरलम मुख्यमंत्री कार्यालय के फेसबुक पेज से हटाए पोस्ट बहाल किए गए

केरलम मुख्यमंत्री कार्यालय के फेसबुक पेज से हटाए पोस्ट बहाल किए गए

केरलम मुख्यमंत्री कार्यालय के फेसबुक पेज से हटाए पोस्ट बहाल किए गए
Modified Date: September 5, 2026 / 09:37 pm IST
Published Date: September 5, 2026 9:37 pm IST

तिरुवनंतपुरम, पांच सितंबर (भाषा) केरलम के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन ने शनिवार को कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) केरलम के फेसबुक पेज से हटाए गए दो आधिकारिक पोस्ट राज्य सरकार के हस्तक्षेप के बाद मेटा ने बहाल कर दिए हैं।

ये पोस्ट आशा कर्मियों के लिए ओणम उत्सव भत्ते की घोषणा और मिलाद-उन-नबी के अवसर पर शुभकामनाओं से संबंधित थे।

सतीशन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘केरलम सीएमओ के कड़े हस्तक्षेप के बाद मेटा ने सीएमओ केरलम के फेसबुक पेज से मनमाने ढंग से हटाए गए आधिकारिक पोस्ट बहाल कर दिए हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘सामग्री अब ऑनलाइन वापस आ गई है, लेकिन त्योहार की शुभकामनाओं से लेकर कल्याणकारी योजनाओं संबंधी सूचनाओं तक सत्यापित सरकारी संचार को मनमाने ढंग से हटाया जाना गंभीर चिंता का विषय बना हुआ है।’’

पोस्ट में कहा गया है कि सचिव रतन यू केलकर (आईएएस) ने यह मामला मेटा और केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के समक्ष उठाया था।

कार्यालय ने आईटी अधिनियम के तहत इस कार्रवाई को लेकर औपचारिक स्पष्टीकरण के साथ ही यह स्पष्ट करने को कहा था कि पोस्ट स्वचालित प्रणाली के जरिए हटायी गई थीं या मानवीय कार्रवाई के तहत तथा साथ ही आधिकारिक सरकारी संचार हैंडल के संरक्षण के बारे में भी जानकारी मांगी थी।

इससे पहले शनिवार को मुख्यमंत्री कार्यालय ने दोनों पोस्ट हटाए जाने को लेकर मेटा और केंद्रीय आईटी मंत्रालय को पत्र लिखकर उन्हें बहाल करने तथा इसके कारणों की जानकारी देने की मांग की थी।

सीएमओ के अनुसार, केलकर द्वारा भेजे गए पत्र में केंद्रीय आईटी मंत्रालय से भी हस्तक्षेप करने और यह सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया था कि भविष्य में आधिकारिक पोस्ट को इस तरह नहीं हटाया जाए।

भाषा अमित अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में