दिल्ली : स्कूल बस ने ई रिक्शा को टक्कर मारी, 12 वर्षीय छात्रा की मौत
दिल्ली : स्कूल बस ने ई रिक्शा को टक्कर मारी, 12 वर्षीय छात्रा की मौत
नयी दिल्ली, 14 जुलाई ( भाषा) उत्तर पश्चिमी दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के पास मंगलवार को सुबह एक स्कूल बस और ई-रिक्शा की टक्कर में 12 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना पीसीआर कॉल के जरिए मिली, जिसके बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
शुरुआती जांच में पता चला कि कमल सिंह (55) द्वारा चलाई जा रही स्कूल बस ने स्कूली बच्चों को ले जा रहे ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। ई-रिक्शा अजय प्रसाद (45) चला रहा था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि टक्कर के दौरान ई-रिक्शा में सवार 12 वर्षीय छात्रा प्रियांशी नीचे गिर गई और बस ने उसे कुचल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
उनके मुताबिक, उसे तत्काल जहांगीरपुरी स्थित बाबू जगजीवन राम मेमोरियल (बीजेआरएम) अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना में किसी अन्य के घायल होने की सूचना नहीं है। लड़की मुकुंदपुर के रमा गार्डन इलाके की रहने वाली थी।
पुलिस ने बताया कि अपराध शाखा और फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना में शामिल दोनों वाहनों को पुलिस ने कब्जे में ले कर स्कूल बस चालक को हिरासत में ले लिया है।
उन्हेंने बताया कि आदर्श नगर थाने में कानून के उपयुक्त प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान सुरभि मनीषा
मनीषा

Facebook


