दिल्ली: आरबीआई के 63 वर्षीय सेवानिवृत्त कर्मचारी की घर में चाकू गोदकर हत्या

Ads

दिल्ली: आरबीआई के 63 वर्षीय सेवानिवृत्त कर्मचारी की घर में चाकू गोदकर हत्या

  •  
  • Publish Date - April 20, 2026 / 12:06 AM IST,
    Updated On - April 20, 2026 / 12:06 AM IST

नयी दिल्ली, 19 अप्रैल (भाषा) भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के 63 वर्षीय सेवानिवृत्त कर्मचारी की रविवार शाम को नयी दिल्ली के मंदिर मार्ग इलाके में उनके आवास के अंदर कथित तौर पर चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि इस घटना का खुलासा तब हुआ जब शाम साढ़े पांच बजे पीसीआर को चाकू से गोदे जाने की घटना की जानकारी मिली।

फोन करने वाले व्यक्ति ने पुलिस को सूचित किया कि उसके चाचा पर हमला हुआ है, जिसके बाद मंदिर मार्ग थाने से एक टीम घटनास्थल पर पहुंची।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस जब मौके पर पहुंची तो पीड़ित अपने घर की पहली मंजिल के एक कमरे में पड़ा मिला और उनके शरीर पर चाकू के घावों के कई निशान थे।

उन्होंने बताया कि पीड़ित की पहचान माधो राम के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि राम को तुरंत लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि माधो राम आरबीआई के सेवानिवृत्त मल्टी-टास्किंग स्टाफ (एमटीएस) कर्मचारी थे और उनके परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा हैं।

इसी बीच, मंदिर मार्ग थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।

भाषा

शुभम रंजन

रंजन