donald trump/ image source: wikimedia commons
America Iran War Update: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने का नाम ही नहीं ले रहा है। अब खबर आ रही है कि, अमेरिकी कार्रवाई में ईरान के मालवाहक जहाज TOUSKA को कब्जे में लेने का दावा किया गया है। यह जहाज ईरानी झंडे के साथ संचालित हो रहा था और इसे ओमान की खाड़ी से जब्त किया गया। इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी खुद अमेरिका के राष्ट्रपति Donald Trump ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए साझा की। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई जरूरी थी, क्योंकि जहाज को पहले ही चेतावनी दी जा चुकी थी, लेकिन ईरानी पक्ष ने उसे नजरअंदाज कर दिया।
ट्रंप के अनुसार, अमेरिकी अधिकारियों ने TOUSKA जहाज को रुकने के लिए स्पष्ट चेतावनी जारी की थी। इसके बावजूद जहाज के क्रू मेंबर्स ने निर्देशों का पालन करने से इनकार कर दिया। उन्होंने दावा किया कि ईरानी क्रू ने अमेरिकी चेतावनी को गंभीरता से नहीं लिया और आगे बढ़ते रहे, जिसके बाद मजबूरन यह कदम उठाना पड़ा। ट्रंप ने अपने पोस्ट में कहा कि अमेरिका ने अंतरराष्ट्रीय नियमों के तहत कार्रवाई की है और किसी भी तरह की सुरक्षा चुनौती को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। इस बयान के बाद यह मामला अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है।
वहीं, इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। ओमान की खाड़ी, जो पहले से ही रणनीतिक दृष्टि से बेहद संवेदनशील मानी जाती है, वहां इस तरह की घटना ने हालात को और गंभीर बना दिया है। बता दें कि, कुछ दिों पहले से होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अमेरिकी “डेडलाइन” भी चर्चा में है। ट्रंप ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि नाकाबंदी तोड़ने की कोशिश की गई, तो अमेरिकी बल समुद्र में ही जहाजों को नष्ट करने से पीछे नहीं हटेंगे। यह बयान क्षेत्र में तनाव को और बढ़ा सकता है, क्योंकि Strait of Hormuz वैश्विक तेल आपूर्ति का एक अहम मार्ग है।