दिल्ली: टिल्लू ताजपुरिया गिरोह का एक सदस्य हत्या के मामले में गिरफ्तार
दिल्ली: टिल्लू ताजपुरिया गिरोह का एक सदस्य हत्या के मामले में गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 23 अगस्त (भाषा) विरोधी गिरोह के एक सदस्य की हत्या के मामले में वांछित एवं टिल्लू ताजपुरिया गिरोह के कथित सदस्य अर्जुन पंडित को हरियाणा के सोनीपत से गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि 36-वर्षीय अर्जुन पंडित उर्फ प्रमोद को अपराध शाखा ने शनिवार को दिल्ली के कराला इलाके में 30 जुलाई को हुई हरीश माथुर (36) की हत्या के सिलसिले में गिरफ्तार किया।
माथुर कथित तौर पर प्रतिद्वंद्वी गोगी-दिनेश कराला गिरोह से जुड़ा था। इस संबंध में कंझावला थाने में मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार, राहुल रांगा, साहिल उर्फ विशाल और अर्जुन नाम के तीन शूटर कथित तौर पर हत्या में शामिल थे।
राहुल और विशाल को दो अगस्त को गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि अर्जुन फरार था और कथित तौर पर गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
जांच में पता चला कि अर्जुन ने कथित तौर पर माथुर का पीछा करने के लिए तीनों द्वारा इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल चलाई थी। आरोपियों ने पहले माथुर के कार्यालय की टोह ली और फिर उसका पीछा करते हुए उसके घर की तरफ गए।
पुलिस ने बताया कि माथुर के घर के पास पहुंचने पर अर्जुन ने मोटरसाइकिल रोक दी, जबकि राहुल और विशाल ने कथित तौर पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई थी।
भाषा
संतोष सुरेश
सुरेश

Facebook


