नयी दिल्ली, एक जून (भाषा) दिल्ली पुलिस ने 50 लाख रुपये की बीमा पॉलिसी और संपत्ति के लिए एक महिला की हत्या के मामले में नौ साल से फरार आरोपी को बिहार के लखीसराय से गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि इस मामले में एक अन्य आरोपी की 2018 में मृत्यु हो गई थी।
पुलिस के अनुसार, चंदन कुमार (46) को 29 मई को लखीसराय से गिरफ्तार किया गया है।
अपराध शाखा के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘बुराड़ी थाने में दर्ज हत्या के मामले में उसे 2018 में भगोड़ा घोषित किया गया था।’
पुलिस ने बताया कि चंदन, अपने भाई कुंदन कुमार और अपने रिश्तेदार कमल कुमार के साथ अगस्त 2017 में अनीता देवी (43) की हत्या में कथित तौर पर शामिल था। पीड़िता कमल कुमार की बहन थी।
अधिकारी ने बताया, ‘बुराड़ी के अजीत विहार इलाके में स्थित एक घर पर मालिकाना हक और 50 लाख रुपये की जीवन बीमा पॉलिसी हासिल करने की साजिश के तहत अनीता की हत्या की गई। महिला ने अपने भाई कमल कुमार को बीमा पॉलिसी का लाभार्थी नामित किया था और वसीयत में अपने बेटे को संपत्ति का वारिस बनाया था।”
उनके मुताबिक, 22 अगस्त 2017 को अजीत विहार में महिला की गला रेत कर हत्या कर दी गई थी।
शुरू में, कमल ने पीड़िता के पति गिरधारी लाल पर हत्या का आरोप लगाकर जांचकर्ताओं को गुमराह करने का प्रयास किया।
हालांकि, छानबीन के दौरान, पुलिस ने कहा कि उन्हें ऐसे सबूत मिले हैं जिनसे पता चलता है कि कमल कुमार ने कथित तौर पर अपने रिश्तेदारों चंदन और कुंदन के साथ मिलकर अपनी बहन की हत्या करने और उसके पति को इस मामले में फंसाने की साजिश रची।
पुलिस ने बताया कि आजादपुर मंडी के पास क्लीनिक चलाने वाले कमल पर भारी कर्ज था।
अधिकारी ने बताया कि कमल को 2017 में ही गिरफ्तार कर लिया गया था जबकि चंदन और कुंदन तब से फरार थे।
भाषा नोमान नोमान रंजन
रंजन
रंजन