नयी दिल्ली, 25 अक्टूबर (भाषा) सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन करने के लिए जाना जाने वाला संदिग्ध हथियार तस्कर शनिवार तड़के दक्षिणी दिल्ली के महरौली इलाके में पुलिस के साथ मुठभेड़ में घायल हो गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान एक पुलिस कांस्टेबल भी गोली लगने से घायल हो गया।
उन्होंने बताया कि इलाके में एक बदमाश की गतिविधियों की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम ने शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात लाडो सराय श्मशान घाट रोड के पास नाकाबंदी की।
पुलिस के मुताबिक, देर रात करीब सवा तीन बजे मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति को रोके जाने पर उसने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं।
पुलिस ने बताया कि अधिकारियों ने उसे बार-बार आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने गोलीबारी जारी रखी, जिसके कारण पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की और संदिग्ध के दाहिने पैर में गोली लग गई।
मुठभेड़ के दौरान उपनिरीक्षक नवीन और हेड कांस्टेबल रविंदर पर भी गोलियां चलाई गईं। रविंदर के बाएं हाथ में गोली लगी और उन्हें मैक्स अस्पताल साकेत ले जाया गया, जबकि आरोपी को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया।
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से दो पिस्तौल और कारतूस के चार खोखे बरामद किए गए हैं। अपराध और फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने घटनास्थल की जांच की और नमूने एकत्र किए।
पुलिस ने बताया कि कनिष्क उर्फ कोकू उर्फ विशाल उर्फ कोकू पहाड़िया के खिलाफ आंबेडकर नगर थाने में मामला दर्ज है और वह डकैती, झपटमारी, चोरी सहित कम से कम 13 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि कोकू सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन करने के लिए जाना जाता था। हथियार लहराते हुए उसकी कई तस्वीरें और वीडियो ‘इंस्टाग्राम’ पर पाई गईं और सोशल मीडिया मंच से इन तस्वीरों को हटाने के लिए अनुरोध किया गया है।
यहां एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘2024-25 में दिल्ली पुलिस ने दक्षिणी दिल्ली में सोशल मीडिया पर अवैध हथियार प्रदर्शित करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत 41 मामले दर्ज किए। कुल 33 वयस्कों और आठ नाबालिगों को पकड़ा गया और सात चाकू समेत 34 आग्नेयास्त्र बरामद किए गए।’’
पुलिस ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत महरौली थाने में मामला दर्ज किया गया है।
भाषा यासिर पारुल
पारुल