दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष ने केजरीवाल पर ‘फांसी घर’ को लेकर ‘झूठा विमर्श’ फैलाने का आरोप लगाया
दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष ने केजरीवाल पर ‘फांसी घर’ को लेकर ‘झूठा विमर्श’ फैलाने का आरोप लगाया
नयी दिल्ली, छह मार्च (भाषा) दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने विशेषाधिकार समिति में हुई चर्चा के बाद शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर विधानसभा परिसर में ‘फांसी घर’ के अस्तित्व के बारे में ‘‘झूठा विमर्श’’ फैलाने का आरोप लगाया।
गुप्ता ने यहां संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी (आप) के नेता केजरीवाल और उनके सहयोगियों ने दिल्ली विधानसभा परिसर में ‘फांसी घर’ होने का दावा करके और इसे शहीदों की भावनाओं से जोड़कर देश को गुमराह किया।
उन्होंने कहा कि यह मुद्दा विधानसभा में उठाया गया था, जिसके बाद सदन ने फैसला किया कि विशेषाधिकार समिति को पूरे मामले की जांच करनी चाहिए।
गुप्ता ने कहा कि जब पिछले सदन में समिति की रिपोर्ट प्रस्तुत की गई थी, तब कुछ सदस्यों पर समिति के समक्ष पेश न होने और बार-बार पेशी से बचने के लिए अवमानना का आरोप लगाया गया था।
उन्होंने कहा, ‘‘एक बात स्पष्ट रूप से सामने आई है कि समिति के समक्ष बार-बार बुलाए जाने पर उपस्थित न होना। समिति इस मामले पर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।’’
उन्होंने विशेषाधिकार समिति और कथित ‘फांसी घर’ के बारे में दिए गए बयानों को ‘‘निंदनीय’’ और अस्वीकार्य बताया और कहा कि समिति की रिपोर्ट प्रस्तुत होने के बाद सदन इस मुद्दे पर संज्ञान लेगा।
समिति दिल्ली विधानसभा के एक पुनर्निर्मित हिस्से से संबंधित मामले की जांच कर रही है, जिसका उद्घाटन आम आदमी पार्टी (आप) के शासनकाल में किया गया था। ‘आप’ का दावा है कि ब्रिटिश शासन के दौरान उस इमारत में एक ‘फांसी घर’ था, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दावा है कि वह केवल टिफिन कक्ष था।
भाषा देवेंद्र नरेश
नरेश

Facebook


