नयी दिल्ली, 17 दिसंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को आरोप लगाया कि वे किसान समर्थक योजना लागू करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ज्ञापन सौंपने के लिए गए थे लेकिन पुलिस ने उन्हें मुख्यमंत्री आवास से कुछ दूरी पर ही रोक दिया। भाजपा के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) ने कहा कि केजरीवाल सरकार ने किसानों और उनके हितों का हर संभव समर्थन किया है। आप ने भाजपा पर हमेशा ‘किसान विरोधी’ होने का आरोप लगाया, फिर चाहे वह ‘काला कृषि कानून’ हो या देश में किसानों की बढ़ती आत्महत्या दर पर।
भाजपा की दिल्ली इकाई के प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा ने एक बयान में कहा कि वे दिल्ली में किसान हितैषी कृषि भूमि मुआवजा योजना लागू करने और ग्रामीण इलाकों में विकास की मांग को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से केजरीवाल को ज्ञापन सौंपना चाहते थे लेकिन पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
सचदेवा ने दावा किया कि भूमि अधिग्रहण के कारण ओचंदी और दिल्ली के आसपास के गांवों में किसानों में असंतोष है। उन्होंने मांग रखी कि दिल्ली सरकार को तुरंत योजना बनानी चाहिए और उसे लागू करनी चाहिए ताकि किसानों को शांत किया जा सके। दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि हम ओचंदी किसानों के हित में मुआवजा नीति की मांग सोमवार को विधानसभा में उठाएंगे।
भाषा जितेंद्र प्रशांत
प्रशांत