दिल्ली बम धमाका: एनआईए ने दो और आतंकी सहयोगियों को गिरफ्तार किया
दिल्ली बम धमाका: एनआईए ने दो और आतंकी सहयोगियों को गिरफ्तार किया
नयी दिल्ली, 25 फरवरी (भाषा) राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने लालकिले के पास हुए विस्फोट की साजिश में कथित तौर पर शामिल दो और आतंकी सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी अधिकारियों ने बुधवार को दी।
इसके साथ ही आतंकवाद रोधी एजेंसी द्वारा इस मामले में अब तक 11 गिरफ्तारियां की जा चुकी हैं।
एनआईए द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि दिल्ली बम विस्फोट से संबंधित साजिश में सक्रिय संलिप्तता के लिए दोनों आरोपियों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया है। बयान में कहा गया है कि दोनों की पहचान गांदरबल के जमीर अहमद अहंगर और श्रीनगर के तुफैल अहमद भट के रूप में हुई है।
एनआईए की जांच में पता चला है कि उन्होंने इस मामले के मुख्य आरोपी को हथियार मुहैया कराए थे।
पिछले साल 10 नवंबर को राजधानी दिल्ली में हुए भीषण विस्फोट में ग्यारह लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हो गए थे। इस विस्फोट में मुख्य आरोपी उमर उन नबी भी मारा गया था।
एनआईए इस जघन्य आतंकी कृत्य के पीछे की पूरी साजिश का पर्दाफाश करने के लिए मामले की जांच कर रही है। उसने पाया कि जमीर और तुफैल अंसार गजवत-उल-हिंद (एजीएच) आतंकी संगठन के सक्रिय ओवरग्राउंड वर्कर (ओजीडब्ल्यू) थे।
बयान में कहा गया है कि एनआईए जम्मू कश्मीर पुलिस, हरियाणा पुलिस और अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय में काम कर रही है। बयान में कहा गया है कि उसकी जांच में यह भी पता चला है कि जमीर और तुफैल विस्फोट की साजिश में शामिल थे और कई अन्य आतंकी साजिशों का भी हिस्सा थे।
बयान में कहा गया है कि एनआईए ने व्यापक जांच और सबूतों के विश्लेषण के माध्यम से पाया कि वे देश के खिलाफ इस्तेमाल के लिए हथियारों और गोला-बारूद के संग्रह में लगे हुए थे।
एनआईए ने कहा कि राष्ट्रीय आतंकवाद-रोधी एजेंसी की जांच से यह बात सामने आयी कि दिल्ली बम विस्फोट की साजिश उमर ने अन्य आरोपियों मुजम्मिल गनई, शाहीन सईद, मुफ्ती इरफान, अदील अहमद राथर के साथ मिलकर रची थी। उसने कहा कि इसके अलावा पांच अन्य लोगों ने भी साजिशकर्ताओं को पनाह और रसद संबंधी सहायता प्रदान की थी।
इन नौ लोगों को जम्मू कश्मीर और हरियाणा के विभिन्न स्थानों से पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
भाषा अमित माधव
माधव

Facebook


