दिल्ली बजट 2026-27 : सड़क अवसंरचना को मजबूत करने के लिए 5,921 करोड़ रुपये का प्रावधान
दिल्ली बजट 2026-27 : सड़क अवसंरचना को मजबूत करने के लिए 5,921 करोड़ रुपये का प्रावधान
(तस्वीरों के साथ)
नयी दिल्ली, 24 मार्च (भाषा) दिल्ली सरकार द्वारा मंगलवार को वित्तवर्ष 2026-27 के लिए पेश बजट में सड़क अवसंरचना विकास कार्यों के लिए 5,921 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं, जबकि चालू वित्त वर्ष में यह राशि 3,843 करोड़ रुपये थी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बजट पेश करते हुए कहा, ‘‘सुलभ संपर्क, जलवायु-अनुकूल गलियारे और तकनीकी रूप से सुरक्षित सड़कें हमारा लक्ष्य हैं।’’
उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के लिए आवंटित राशि का उद्देश्य लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी)की सड़कों का पुनर्निर्माण करके भीड़भाड़ और प्रदूषण को कम करना, नए एकीकृत गलियारों का विकास करना और लंबित परियोजनाओं को पूरा करना है।
गुप्ता ने अपने बजट भाषण में कहा,‘‘पीडब्ल्यूडी के अंतर्गत आने वाली 1,400 किलोमीटर लंबी सड़कों में से 400 किलोमीटर सड़कों का पुनर्विकास वर्ष 2025-26 में किया गया। वर्ष 2026-27 के लिए, मैं 750 किलोमीटर सड़कों के संपूर्ण पुनर्निर्माण और पुनर्विकास के लिए 1,392 करोड़ रुपये के आवंटन का प्रस्ताव करती हूं।’’
उन्होंने कहा कि ‘सुलभ संपर्क’ के अपने लक्ष्य को आगे बढ़ाते हुए, दिल्ली सरकार ने पूरी दिल्ली में 2,000 करोड़ रुपये की कुल लागत से आठ अलग-अलग एकीकृत सड़क गलियारों को मंजूरी दी है।
गुप्ता ने कहा, ‘‘2026-27 के लिए एकीकृत कॉरिडोर परियोजनाओं को पूरा करने के लिए 575 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं, जिनकी कुल अनुमानित लागत 2,000 करोड़ रुपये से अधिक है। ये सड़कें दिल्ली की सड़कों पर भीड़भाड़ और प्रदूषण को कम करने में मदद करेंगी और यातायात जाम से राहत प्रदान करेंगी।’’
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने बारापूला फेज-3 परियोजना में लंबित अनुमतियों की मंजूरी के लिए काम किया।
गुप्ता ने कहा कि बारापूला परियोजना 2016 में शुरू हुई थी, लेकिन आम आदमी पार्टी के शासनकाल में भ्रष्टाचार और लालफीताशाही के कारण रुकी रही। उन्होंने कहा, ‘‘हमारी सरकार इसे जून 2026 तक पूरा कर देगी। इस कार्य को पूरा करने के लिए इस वर्ष के बजट में 210 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।’’
बजट में दक्षिण दिल्ली में दो प्रमुख सड़क संपर्क परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इनमें मोदी मिल फ्लाईओवर का कालकाजी मंदिर तक विस्तार और सावित्री सिनेमा जंक्शन पर नए फ्लाईओवर का निर्माण शामिल है और इसके लिए 150 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इसके अलावा, इस वर्ष के बजट में फुटओवर ब्रिज के निर्माण के लिए 25 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
गुप्ता ने कहा कि हरित परिवहन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दिल्ली सरकार यमुना नदी के किनारे साइकिल ट्रैक बनाने की योजना बना रही है।
उन्होंने बजट में पर्यटन क्षेत्र के लिए 412 करोड़ रुपये आवंटित करने की घोषणा की जबकि पिछले वर्ष इस मद में 121 करोड़ रुपये आवंटित की गई थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार कुशल मानव संसाधन सृजित करके आतिथ्य क्षेत्र को समर्थन देने के लिए दिल्ली होटल प्रबंधन और खानपान प्रौद्योगिकी संस्थान का पुनर्विकास करेगी।
गुप्ता ने कहा कि 13 प्रमुख प्रवेश बिंदुओं पर भव्य स्वागत द्वार स्थापित किए जाएंगे, शहर भर के गोल चक्करों और चौराहों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा और लगभग 1,000 आधुनिक शौचालय का निर्माण किया जाएगा, जिसके लिए 300 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
दिल्ली सरकार ने इस वर्ष के बजट में दो करोड़ रुपये के व्यय से शेख सराय में एक नई क्षेत्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (आरएफएसएल) स्थापित करने का प्रस्ताव किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा समय में दिल्ली में रोहिणी एकमात्र फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला है, जिस पर काम का बोझ बहुत अधिक है।
भाषा धीरज नरेश
नरेश

Facebook


