दिल्ली: मुख्यमंत्री ने डीटीसी बस में यात्रा की, सहेली कार्ड के कार्यान्वयन की समीक्षा की
दिल्ली: मुख्यमंत्री ने डीटीसी बस में यात्रा की, सहेली कार्ड के कार्यान्वयन की समीक्षा की
नयी दिल्ली, सात मार्च (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को डीटीसी बस में यात्रा की और ‘सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड’ पहल के कार्यान्वयन की समीक्षा के लिए यात्रियों से बातचीत की।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को इस योजना की शुरुआत की थी।
इस स्मार्ट कार्ड से राष्ट्रीय राजधानी की महिलाएं और ट्रांसजेंडर डीटीसी की बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे।
इस कार्ड ने गुलाबी कागज के टिकट का स्थान लिया है और इससे स्पर्श रहित यात्रा संभव होगी।
रेखा गुप्ता ने कहा, “दिल्ली की माताओं, बहनों और बेटियों के लिए यह एक बेहद सुविधाजनक व्यवस्था है। यह कार्ड शहर के विभिन्न केंद्रों पर मुफ्त में बनाया जा रहा है। बस अपना आधार नंबर व मोबाइल नंबर दर्ज कराएं और डीटीसी बसों में मुफ्त यात्रा का लाभ उठाएं ।”
उन्होंने कहा, “मैं सभी महिलाओं से ‘सहेली पिंक नेशनल मोबिलिटी कार्ड’ (एनसीएमसी) बनवाने और इस सुविधा का पूरा लाभ उठाने की अपील करती हूं।”
मुख्यमंत्री ने यात्रा के दौरान स्वयं एक स्मार्ट कार्ड बनवाया और बस में यात्रा कर रही महिलाओं से बातचीत की।
पात्र लोगों के लिए डीटीसी और क्लस्टर बसों में यात्रा निःशुल्क होगी, वहीं इस कार्ड का उपयोग दिल्ली मेट्रो और ‘रीजनल रैपिड ट्रांसपोर्ट सिस्टम’ (आरआरटीएस) जैसी अन्य सार्वजनिक परिवहन सेवाओं में सशुल्क यात्राओं के लिए भी किया जा सकता है। प्रत्येक कार्ड, लाभार्थी के आधार कार्ड व मोबाइल नंबर से जुड़ा होगा, जिससे आयु, लिंग और दिल्ली निवास की पुष्टि की जा सकेगी।
भाषा जितेंद्र माधव
माधव

Facebook


