दिल्ली: कांग्रेस ने एसआईआर ड्यूटी में लगे कर्मचारियों का कार्यभार कम करने की मांग की
दिल्ली: कांग्रेस ने एसआईआर ड्यूटी में लगे कर्मचारियों का कार्यभार कम करने की मांग की
नयी दिल्ली, 18 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने शनिवार को अधिकारियों से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में लगे बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) के कार्यभार को कम करने का आग्रह किया और चिंता जताई कि दोहरी जिम्मेदारियों के कारण इन अधिकारियों के अधिकारों का उल्लंघन हो रहा है।
उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार को लिखे पत्र में यादव ने कहा कि बीएलओ ड्यूटी कर रहे शिक्षक और सरकारी कर्मचारी शैक्षणिक और प्रशासनिक दोनों जिम्मेदारियों को निभाते हुए ‘‘अत्यधिक दबाव’’ में हैं।
यादव ने कहा, ‘‘सरकारी कर्मचारी, विशेषकर बीएलओ के रूप में कार्यरत शिक्षक अत्यधिक कार्यभार और सख्त समयसीमा के कारण अत्यधिक मानसिक दबाव में हैं और उनकी कार्य परिस्थितियों को संतुलित बनाया जाना चाहिए।’’
उन्होंने दावा किया कि देशभर में इस प्रक्रिया में लगे बीएलओ के बीच गंभीर स्वास्थ्य दुष्प्रभावों की कई खबरें सामने आई हैं, जिनमें तनाव के कारण हुई मौतों के मामले भी शामिल हैं। उन्होंने चेताया कि यदि समय रहते सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए, तो दिल्ली के बीएलओ को भी ऐसे ही खतरों का सामना करना पड़ सकता है।
यादव ने कहा कि एसआईआर ड्यूटी का दबाव नियमित शिक्षण और प्रशासनिक कार्यों को प्रभावित कर रहा है। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया में शामिल लोगों के लिए एक ‘‘सुचारू और मानवीय’’ प्रणाली सुनिश्चित करने की मांग की।
भाषा खारी देवेंद्र
देवेंद्र

Facebook


