दिल्ली कांग्रेस ने बूथ स्तरीय रणनीतियों की समीक्षा के लिए ब्लॉक कमेटियों की बैठक की

दिल्ली कांग्रेस ने बूथ स्तरीय रणनीतियों की समीक्षा के लिए ब्लॉक कमेटियों की बैठक की

दिल्ली कांग्रेस ने बूथ स्तरीय रणनीतियों की समीक्षा के लिए ब्लॉक कमेटियों की बैठक की
Modified Date: August 2, 2026 / 09:04 pm IST
Published Date: August 2, 2026 9:04 pm IST

नयी दिल्ली, दो अगस्त (भाषा) दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि पार्टी ने रविवार को ब्लॉक कमेटी स्तर पर संगठनात्मक बैठकें कीं, जिनमें पार्टी के मतदाता जागरूकता अभियान तथा मतदाता सूची से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा हुई।

बैठकों में कांग्रेस के बूथ स्तर के एजेंटों ने कई लोगों के मतदाता पहचान पत्र बूथ स्तर अधिकारियों (बीएलओ) को सौंपे, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता सूची से जुड़े कामों को प्रभावी तरीके से कर सकें।

यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे हर योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने में मदद करें, मतदाता सूचियों में मौजूद सभी गलतियों को ठीक करवाएं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा, “एक निष्पक्ष और पूरी मतदाता सूची मजबूत लोकतंत्र की नींव है। कांग्रेस पार्टी हमेशा मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करने और यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध रही है कि हर पात्र नागरिक अपने मतदान के अधिकार का इस्तेमाल कर सके।”

भाजपा के शासन में चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठने का आरोप लगाते हुए दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हर पार्टी कार्यकर्ता बूथ स्तर पर नागरिकों के मतदान अधिकारों की रक्षा के लिए “लोकतंत्र के प्रहरी” के रूप में काम करेगा।

भाषा जोहेब प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में