‘फ्लेवर’ से जुड़े नियमों के उल्लंघन को लेकर यूएसएल, इनब्रू की विनिर्माण इकाइयों को नोटिस
‘फ्लेवर’ से जुड़े नियमों के उल्लंघन को लेकर यूएसएल, इनब्रू की विनिर्माण इकाइयों को नोटिस
नयी दिल्ली, दो अगस्त (भाषा) खाद्य सुरक्षा नियामक एफएसएसएआई ने रविवार को कहा कि उसने यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड और इनब्रू बेवरेजेस की कई मादक पेय (अल्कोहलिक बेवरेज) विनिर्माण इकाइयों को ऐसे ‘फ्लेवर’ जोड़ने के लिए नोटिस जारी किया है, जो किसी उत्पाद के प्राकृतिक स्वाद जैसे लगते हैं।
भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने एक आधिकारिक बयान में स्पष्ट किया कि ‘फ्लेवरिंग’ पदार्थों (स्वाद एवं सुगंध देने वाले पदार्थों) के उपयोग पर कोई प्रतिबंध नहीं है।
प्राधिकरण ने कहा कि नोटिस इसलिए जारी किए गए हैं क्योंकि कुछ निर्माता मानकीकृत मादक पेय में उसी पेय का ‘फ्लेवर’ मिला रहे हैं। उदाहरण के लिए, रम में रम फ्लेवर या व्हिस्की में व्हिस्की फ्लेवर मिलाया जा रहा है।
एफएसएसएआई ने 10 जुलाई को कहा था कि उसने खाद्य संरक्षा एवं मानक (मादक पेय) विनियम, 2018 के कथित उल्लंघन के आरोप में कई मादक पेय निर्माताओं को नोटिस जारी किए हैं। इन उल्लंघनों में बिना अनुमति ‘फ्लेवर’ मिलाना और उत्पाद की समयसीमा संबंधी दावों का नियमों के अनुरूप न होना शामिल है।
एफएसएसएआई ने रविवार को अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड (यूएसएल) के बारामती स्थित संयंत्र को नोटिस जारी किया गया है, जहां मैकडॉवेल्स नंबर 1 रम का उत्पादन किया जाता है।
इसके अलावा, उसने यूएसएल के मध्य प्रदेश स्थित संयंत्र का भी नाम लिया है, जहां एंटीक्विटी ब्लू व्हिस्की और रॉयल चैलेंज व्हिस्की का उत्पादन किया जाता है।
भाषा
देवेंद्र नरेश
नरेश

Facebook


