नयी दिल्ली, 12 मार्च (भाषा) कांग्रेस की दिल्ली इकाई के हजारों कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को कथित एलपीजी किल्लत को लेकर राष्ट्रीय राजधानी में रसोई गैस एजेंसियों के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने रसोई गैस (एलपीजी) की कीमतों में हुई वृद्धि को वापस लेने की भी मांग की।
पार्टी के अनुसार, दिल्ली के 14 जिलों में स्थित सभी 258 ब्लॉक कांग्रेस समितियों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया।
एक बयान के अनुसार, पार्टी के नेता और कार्यकर्ता गैस एजेंसियों के बाहर ‘गैस की कीमतों में वृद्धि वापस लो’, ‘महंगी गैस की आपूर्ति बंद करो’ और ‘लोगों को राहत दो’ लिखे हुए बैनर लेकर जमा हुए और नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि रसोई गैस की कीमतों में अचानक हुई वृद्धि ने उन परिवारों पर बोझ बढ़ा दिया है जो पहले से ही मुद्रास्फीति से जूझ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत अब 913 रुपये है, जबकि व्यावसायिक सिलेंडर की कीमत बढ़कर 1,883 रुपये हो गई है।
वहीं, तृणमूल कांग्रेस ने 13 मार्च को संसद परिसर में प्रदर्शन की घोषणा की है। पार्टी के एक नेता ने कहा कि तृणमूल सांसद एलपीजी की स्थिति को लेकर संसद की कार्यवाही शुरू होने से पहले सुबह 10.30 बजे संसद परिसर में प्रदर्शन करेंगे।
भाषा
तान्या पवनेश
पवनेश